BJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस-TMC पर निशाना: ‘राहुल गांधी और जॉर्ज सोरोस दो जिस्म एक जान’, गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को बताया 'मीर जाफर', ममता बनर्जी की सरकार पर भी बोला हमला

‘राहुल गांधी और जॉर्ज सोरोस दो जिस्म एक जान’, गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को बताया मीर जाफर, ममता बनर्जी की सरकार पर भी बोला हमला
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान बीजेपी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान बीजेपी ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर भारत को बदनाम कर रहे हैं और भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का यह रवैया देशहित के खिलाफ है और इससे भारत की छवि को नुकसान पहुंच रहा है।

गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर जमकर साधा निशाना

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर भारत को बदनाम करते हैं और भारत विरोधी शक्तियों से मुलाकात करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को 'अपरिपक्व नेता विपक्ष' बताते हुए कहा कि संसद सत्र के दौरान वह जर्मनी जाकर कॉर्नेलिया वॉल जैसी हस्तियों से मुलाकात करते हैं।

बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि राहुल गांधी और जॉर्ज सोरोस के विचार एक जैसे हैं। उन्होंने कहा कि यह समझना जरूरी है कि राहुल गांधी किन लोगों से मिल रहे हैं और उनका एजेंडा क्या है। भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी लोगों के साथ मिलकर षड्यंत्र कर रहे हैं। गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर बेहद तीखा हमला करते हुए उन्हें 'भारत का मीर जाफर' कहा। उन्होंने दावा किया कि सत्ता पाने की लालसा में राहुल गांधी के डीएनए में भारत विरोध है और यही कारण है कि वह लगातार देश के खिलाफ बयान देते हैं।

इस दौरान बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अमेरिका में इलहाम ओमर से मिले, जो कथित तौर पर कश्मीर को लेकर भारत विरोधी बयान देती रही हैं। इसके अलावा उन्होंने मुसिफर फजल के साथ तस्वीरें खिंचवाने का भी जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने जमात-ए-इस्लामी से जुड़ा बताया। इसके अलावा बीजेप नेता तंज कसते हुए कहा कि जो नेता विदेश जाकर छुप-छुप कर मुलाकात करते हैं, यह भी संभव है कि राहुल गांधी हाफिज सईद जैसे लोगों से भी मिलें। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की छवि धूमिल करना और झूठे आरोप लगाना राहुल गांधी का चरित्र बन गया है।

बीजेपी ने मांग की कि राहुल गांधी अपनी पांच दिन की विदेश यात्रा के दौरान किन-किन लोगों से मिले, यह सार्वजनिक करें। भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत में मैन्युफैक्चरिंग कम होने की बात करते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन की विदेश यात्रा में दर्जनों बैठकें कर भारत के विकास का एजेंडा आगे बढ़ाते हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी लिया आड़े हाथ

इसके अलावा गौरव भाटिया ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी के इशारे पर उनके नेता भगवान राम का अपमान कर रहे हैं, जिससे करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। गौरव भाटिया ने टीएमसी नेता मदन मित्रा के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भगवान राम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने सवाल किया कि क्या ममता बनर्जी ने इस बयान की निंदा की या मदन मित्रा को पार्टी से निकाला? क्या उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई हुई?

बीजेपी ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी महाकुंभ को 'मृत्यु कुंभ' कहती हैं। भाटिया ने सवाल किया कि क्या ममता बनर्जी या उनके नेता किसी अन्य धर्म के ईश्वर के लिए ऐसा बयान देने की हिम्मत कर सकते हैं।

गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री चुनाव हारने जा रही हैं और इसी वजह से ऐसे बयान दिलवाए जा रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि हिंदू समाज इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा और ममता बनर्जी को इसका करारा जवाब देगा।

गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 29 देशों से सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है, जो भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके उलट राहुल गांधी विदेश जाकर भारत को अपमानित करने का काम करते हैं। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब हिंदुओं और भारत के लोगों से जुड़े संवेदनशील मुद्दे आते हैं, तो सरकार मजबूती से सामने आती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सभी को संयम बरतना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस नेताओं के बयान कई बार भारत के पक्ष में परिस्थितियों को कमजोर करते हैं।

Created On :   20 Dec 2025 10:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story