टला बड़ा हादसा: इंडिगो फ्लाइट से टकराया पक्षी, 40 मिनट हवा में घूमता रहा विमान, रांची एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

- हादसे का शिकार होने से बची पटना से कोलकाता वाया रांची जा रही इंडिगो फ्लाइट
- पक्षी टकराने से कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
- विमान में सवार थे 175 यात्री
डिजिटल डेस्क, रांची। रांची के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो के यात्री विमान की पक्षी के टकराने की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घटना आज यानी सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि जब पक्षी (गिद्ध) की टक्कर हुई उस समय फ्लाइट रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर थी।
फ्लाइट पटना से कोलकाता वाया रांची जा रही थी। जिस समय हादसा हुआ फ्लाइट करीब तीन से चार हजार फीट की ऊंचाई पर थी। टक्कर के बाद विमान को करीब 40 मिनट तक हवा में रखना पड़ा। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए प्लेन की रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से लैंडिंग कराई।
175 यात्री थे सवार
इंडिगो के इस एयरबस-320 पर क्रू मेंबर्स सहित 175 यात्री सवार थे। पक्षी से टक्कर के बाद यात्री दहशत में थे। विमान के क्रू मेंबर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पायलट आपातकालीन रूप से सुरक्षित लैंडिंग की भरपूर कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एयरपोर्ट के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पायलट की सतर्कता के चलते विमान की आपात लैंडिंग सुरक्षित हो पाई। किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। टक्कर से विमान को कितनी क्षति हुई है, इंजीनियर इसका आकलन करने में जुटे हैं। सुरक्षा जांच और मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पक्षियों की वजह से विमान के उड़ान में बाधा की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पहले 8 मई को भी दिल्ली-रांची एयर इंडिया एक्सप्रेस (आईएक्स 116) के विंग में कबूतर फंस जाने के कारण खराबी आ गई थी। यह विमान दिन के 10:10 बजे एयरपोर्ट पर लैंड कर गया था। उसके बाद तकनीकी खराबी का पता चला। जांच में सामने आया कि विमान के ब्लेड में एक मरा और एक जिंदा कबूतर था। बाद में रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले इस विमान को रद्द कर दिया गया था।
Created On :   2 Jun 2025 7:26 PM IST