Jaishankar-Putin Meeting: पुतिन से मिले जयशंकर, BRICS समिट का दिया न्योता, भारत-रूस रिश्तों पर हुई अहम बातचीत

पुतिन से मिले जयशंकर, BRICS समिट का दिया न्योता, भारत-रूस रिश्तों पर हुई अहम बातचीत
भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस के दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी सोमवार को राजधानी मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात हुई।

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस के दौरे पर हैं। इस दौरान उनकी सोमवार को राजधानी मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक घटनाक्रमों पर बातचीत हुई। बैठक के बाद विदेश मंत्री ने दिल्ली में होने वाले BRICS समिट में शामिल होने के लिए रूसी राष्ट्रपति को न्योता दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली इस समिट में आपका (पुतिन) स्वागत करने के लिए तैयार है।

विदेश मंत्री ने बातचीत को लेकर क्या कहा?

एस. जयशंकर ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाओं के साथ अपनी बात शुरू करना चाहता हूं। उन्होंने मुझे एक निजी संदेश दिया है, जिसे मैं आपको सौंपना चाहता हूं। हमारी इंटरगवर्नमेंटल कमीशन की बैठक हुई। मुझे लगता है कि कुल मिलाकर हमारे पास आपको देने के लिए एक अच्छी रिपोर्ट है।"

पुतिन ने पीएम मोदी को लेकर दी प्रतिक्रिया

वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किर्गिस्तान में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आमने-सामने मुलाकात की इच्छा जाहिर की है। बैठक के दौरान उन्होंने कहा, "मैं अपनी बातचीत की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शुभकामनाएं भेजने के अनुरोध के साथ करना चाहता हूं।"

पुतिन ने पीएम मोदी को दिया श्रेय

दोनों नेताओं की यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर दबाव बना रहा है। हालांकि, भारत अपने कूटनीतिक रुख पर कायम है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और रूस के बीच बढ़ते व्यापार का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।

उन्होंने कहा, "आपकी (जयशंकर) आज की यात्रा रूस और भारत के बीच दशकों से चले आ रहे रिश्तों की मजबूती को दर्शाती है।"

दिल्ली में BRICS समिट

दिल्ली में 12-13 सितंबर, 2026 को BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन होने वाला है। इसमें शामिल होने के लिए भारतीय विदेश मंत्री ने रूसी राष्ट्रपति को आमंत्रित किया है।

इससे पहले पुतिन दिसंबर 2025 में भारत के दौरे पर आए थे। इस दौरान दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा था। इसके बाद से भारत और रूस के बीच व्यापार में बड़ा उछाल देखने को मिला है।

Created On :   24 Aug 2026 7:10 PM IST

Tags

Next Story