Bankipur By Election Result: 'हमें बुलेट ट्रेन ना सही, पैसेंजर ट्रेन तो मिले', भारी वोटों से बढ़त बनाने के बीच जनसुराज के पीके ने दिया पहला रिएक्शन

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की बांकीपुर सीट पर हुए उपचुनाव की आज मतगणना जारी है। इस सीट पर 30 जुलाई को वोटिंग हुई थी, जिसके बाद 3 अगस्त को इस सीट के आखिरी फैसले पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। इसी बीच अब तक हुई काउंटिंग में प्रशांत किशोर लगभग 12 हजार से भी ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। जबकि बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा काफी पीछे चल रहे हैं। ऐसे में अब प्रशांत किशोर ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि ये चुनाव विधायक बनने का नहीं है बल्कि संदेश देने का चुनाव है कि अब किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जाए।
क्या बोले प्रशांत किशोर?
प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी खुशी जाहिर की है। साथ ही उन्होंने सरकार को भी घेरा है। उन्होंने कहा है कि 'बांकीपुर की जनता की जीत है। ये चुनाव विधायक बनाने का चुनाव नहीं है। ये भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का चुनाव है कि किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएं। जनता ने आपके 202 विधायक जिताए हैं किसी अपराधी, किसी गलत चाल-चरित्र चेहरे वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व मत दीजिए। अच्छे आदमी को बनाएं ताकि बिहार में भी शिक्षा, रोजगार हो। बिहार के बच्चों को बाहर मजदूरी करने ना जाना पड़े। ये संदेश बांकीपुर के लोगों ने दिया है। जिन्होंने वोट दिया है उनका धन्यवाद जिन्होंने वोट नहीं दिया है उनको यही कहेंगे कि आपका विश्वास जीतने के लिए और मेहनत और प्रयास करेंगे। बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए बिहार सुधरना चाहिए।'
यह भी पढ़े -सिवनी में लागू हुई धारा-163 : बिना अनुमति धरना, जुलूस, रैली, डीजे और भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिबंध
पीके की बढ़त पर विजय सिन्हा की प्रतिक्रिया
प्रशांत किशोर को बढ़त मिल रही है, तो इस पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि 'ये लोकतंत्र की भूमि है और जनता के जनादेश को भाजपा ने हमेशा से अपनाया है। हम कभी भी विपक्ष के लोगों की तरह ठीकड़ा चुनाव आयोग या EVM पर नहीं फोड़ते हैं। लोकतंत्र में हम संवैधानिक संस्था का सम्मान करते हैं। पार्टी गहन समीक्षा करेगी। ये बिहार की यही धरती है जहां अभी 6 महीने पहले 202 सीटें हमने जीती थीं।'
Created On :   3 Aug 2026 4:45 PM IST








