Maharashtra News: CCTV में दिख रहा शख्स चेतन या कोई और? गेट एनालिसिस से खुलेगा केतन मर्डर केस का बड़ा राज

CCTV में दिख रहा शख्स चेतन या कोई और? गेट एनालिसिस से खुलेगा केतन मर्डर केस का बड़ा राज
केतन अग्रवाल केस में पुलिस आरोपी चेतन चौधरी की गेट एनालिसिस कराएगी। चलने के तरीके का सीसीटीवी फुटेज से मिलान होगा। इससे आरोपी की पहचान साफ करने में मदद मिल सकती है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच में अब एक नया कदम उठाया जा रहा है। पुणे पुलिस आरोपी चेतन चौधरी की गेट एनालिसिस यानी चलने के तरीके की जांच कराएगी। पुलिस का कहना है कि इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा व्यक्ति चेतन है या कोई दूसरा? कोर्ट में आरोपी की तरफ से कहा गया है कि वीडियो में नजर आने वाला शख्स वह नहीं है। अब पुलिस वैज्ञानिक तरीके से इसकी जांच करेगी। इस जांच की रिपोर्ट केस में अहम सबूत बन सकती है और आगे की कार्रवाई पर असर डाल सकती है।

सीसीटीवी से होगा मिलान

पुलिस चेतन चौधरी को लोहागढ़ किले लेकर जाएगी। उसे वैसे ही कपड़े और चश्मा पहनाया जाएगा, जैसे वीडियो में दिख रहे व्यक्ति ने पहने हैं। इसके बाद उसके चलने के तरीके की रिकॉर्डिंग की जाएगी और उसे सीसीटीवी फुटेज से मिलाया जाएगा।

क्या होती है गेट एनालिसिस?

गेट एनालिसिस का मतलब है किसी इंसान के चलने के तरीके की जांच करना। हर व्यक्ति अलग तरह से चलता है। इसी वजह से विशेषज्ञ यह देख सकते हैं कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कौन हो सकता है। इस जांच का इस्तेमाल कई मामलों में पहचान करने के लिए किया जाता है।

इन बातों पर रहती है नजर

जांच के दौरान देखा जाता है कि व्यक्ति कितनी तेज चलता है, कदम कितनी दूरी पर रखता है, हाथ कैसे हिलते हैं, शरीर किस तरफ झुकता है और पैरों की चाल कैसी है। इन सभी बातों का मिलान वीडियो से किया जाता है।

Created On :   1 July 2026 9:49 AM IST

Tags

Next Story