Arvind Kejriwal News: अमित शाह के राम मंदिर ना जाने पर अरविंद केजरीवाल ने उठाए सवाल, चंपत राय के इस्तीफे को बताया बचाने की कोशिश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय भगवान राम और राम मंदिर की बात करती है, लेकिन उसके काम अलग दिखते हैं। केजरीवाल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि इस मामले से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने जांच, कार्रवाई और अपनी पार्टी की सोच को लेकर भी कई बातें कहीं। साथ ही उन्होंने अगले दिन फिर से इस मुद्दे पर बात करने की घोषणा की। इसके अलावा, उन्होंने चंपत राय के इस्तीफे को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि चंपत राय को बचाने की कोशिश हो रही है।
अमित शाह को लेकर क्या बोले केजरीवाल?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमित शाह अपने भाषणों और इंटरव्यू में अक्सर राम मंदिर का जिक्र करते हैं। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर बनने के बाद पिछले ढाई साल में अमित शाह एक बार भी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने नहीं गए। भाजपा भगवान राम का नाम सिर्फ चुनाव के समय इस्तेमाल करती है। केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी से सनातन धर्म को मानने वाले लोग दुखी हैं। अगर उनकी सरकार बनी तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है, जिसे 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। उनका कहना है कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कदम उठाया जाएगा।
यह भी पढ़े -राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर संजय राउत बोले- सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी गईं, असली लोगों को भी गिरफ्तार किया जाए
AAP को बताया ‘असली सनातनी पार्टी’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी ही देश की 'असली सनातनी पार्टी' है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सनातन का इस्तेमाल सिर्फ राजनीति के लिए किया। वहीं, उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने पंजाब में सनातन से जुड़े काम किए हैं। केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह अयोध्या और एसआईटी जांच को लेकर कल फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
चंपत राय को लेकर किया पोस्ट
वहीं, केजरीवाल ने चंपत राय के इस्तीफे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि इस्तीफे की आड़ में चंपत राय और अनिल मिश्रा को बचाया जा रहा है। केवल इस्तीफे से काम नहीं चलेगा। चंदा चोरों को फांसी दो। और चंपत राय के आकाओं पर कार्रवाई कब होगी? जिनके इशारे पर वो काम करते थे। कल जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया, उनकी पुलिस रिमांड भी नहीं ली गई है। उनसे कोई पुलिस पूछताछ नहीं हुई। उन्होंने चोरी का माल किसे पहुंचाया, किसके कहने पर चोरी कर रहे थे, बाकी चोरी का माल कहां है। कुछ नहीं पूछा गया। इससे ये साफ है कि सिर्फ खाना पूर्ति हो रही है।
यह भी पढ़े -2011 में भारत की विश्व कप की जीत ने मेरे अंदर देश के लिए खेलने का सपना जगाया शेडगे
Created On :   1 July 2026 1:50 PM IST












