Amit Shah on Bambiha gang: बंबीहा गैंग के खिलाफ बड़ा एक्शन, मलेशिया से 3 भगोड़े गैंगस्टर अरेस्ट, केंद्रीय गृह मंत्री ने की पुष्टि

बंबीहा गैंग के खिलाफ बड़ा एक्शन, मलेशिया से 3 भगोड़े गैंगस्टर अरेस्ट, केंद्रीय गृह मंत्री ने की पुष्टि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भगोड़े गैंगस्टरों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोमवार (24 अगस्त) को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बंबीहा गैंग से जुड़े तीन भगोड़े गैंगस्टरों को भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में पकड़ लिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भगोड़े गैंगस्टरों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोमवार (24 अगस्त) को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बंबीहा गैंग से जुड़े तीन भगोड़े गैंगस्टरों को भारतीय एजेंसियों ने मलेशिया में पकड़ लिया है। उन्हें भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई को सफल बताते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके सुरक्षित एवं संरक्षित भारत के विजन की भी तारीफ की।

गृह मंत्रालय ने क्या कहा?

गृह मंत्री कार्यालय (HMO India) ने इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा की है। इसमें बताया गया है कि तीन भारतीय फरार गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्यालय ने बताया, "ये फरार अपराधी—जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनदीप सिंह—बंबीहा गैंग से जुड़े हैं। इन तीनों पर जबरन वसूली, सीमा पार हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के साथ-साथ पंजाब के लुधियाना में नाकाम किए गए ग्रेनेड हमले समेत कई अन्य अपराधों के आरोप हैं।"

पोस्ट में आगे लिखा गया, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित और संरक्षित भारत के विजन के तहत, हमारी एजेंसियों ने अकेले ही इस साल 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी करने में सफलता हासिल की है।"

भारत में बंबीहा गैंग की शुरुआत कब हुई?

गौरतलब है कि बंबीहा गैंग भारत के कुख्यात आपराधिक गिरोहों में से एक है। इसकी शुरुआत साल 2010 में पंजाब से हुई थी। राज्य के मोगा/फरीदकोट जिले के बंबीहा गांव के रहने वाले दविंदर सिंह सिद्धू उर्फ दविंदर बंबीहा ने अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद इस गैंग की शुरुआत की थी।

इसके बाद इस गैंग का नेटवर्क पंजाब समेत हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैल गया। इस गैंग की सबसे कट्टर दुश्मनी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ बताई जाती है।

Created On :   24 Aug 2026 6:08 PM IST

Tags

Next Story