मौसम अपडेट: भोपाल-विदिशा में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा, 14 राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार

भोपाल-विदिशा में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड का खतरा, 14 राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार
देश के कई राज्यों में आज तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं का खतरा है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 14 अगस्त को कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी आ सकती है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के कारण रास्तों पर परेशानी बढ़ सकती है। यहां भूस्खलन का खतरा भी है। लोगों को मौसम की जानकारी देखकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।

मध्य प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

मध्य प्रदेश के कई जिलों में आज तेज बारिश हो सकती है। भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन और देवास में बारिश के आसार हैं। इसके अलावा अलीराजपुर, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सीधी, पन्ना, गुना, मुरैना और खंडवा में भी पानी गिर सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। भोपाल में दिन का तापमान करीब 27 डिग्री और रात का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, मथुरा, आगरा, गोंडा, गोरखपुर, संतकबीर नगर और अलीगढ़ में तेज बारिश हो सकती है। झांसी, मुजफ्फरनगर, बहराइच, मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र और मऊ में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज झोंके चल सकते हैं और हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

देश के दूसरे हिस्सों में भी बारिश

झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी आज बारिश हो सकती है। राजस्थान, महाराष्ट्र और गोवा में भी तेज पानी और हवाओं का असर दिख सकता है। समुद्र में जाने वाले मछुआरों को सावधान रहने को कहा गया है। मौसम में बदलाव बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से माना जा रहा है। लोगों को बाहर निकलने से पहले अपने इलाके का मौसम जरूर देख लेना चाहिए।

Created On :   14 Aug 2026 8:40 AM IST

Tags

Next Story