भोपाल में निकलेगी भारत की विशाल ‘कर्मश्री’ तिरंगा यात्रा: एक लाख नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर होंगे शामिल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी होंगे सहभागी

एक लाख नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर होंगे शामिल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी होंगे सहभागी
32 किमी लंबे मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर होगा स्वागत, 50 हजार वाहनों का पंजीयन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अखंड भारत दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘कर्मश्री’ संस्था द्वारा भारत की विराट तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा की आयोजक संस्था कर्मश्री के अध्यक्ष हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त को सुबह 10 बजे शुरू होने वाली यह यात्रा भोपाल में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के संकल्प का विराट संदेश देगी। यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा एवं नागरिक शामिल होंगे।

कोलार से संत नगर तक 32 किमी का तिरंगा सफर

तिरंगा यात्रा कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से प्रारंभ होकर संत नगर स्थित भैंसाखेड़ी मंडी तक जाएगी। करीब 32 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह तिरंगे के साथ राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिलेगा।

एक लाख नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर होंगे शामिल

तिरंगा यात्रा की आयोजक संस्था ‘कर्मश्री’ के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में करीब एक लाख नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे। यात्रा में सहभागिता के लिए अब तक करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन हो चुका है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर इसे राष्ट्रभक्ति का विराट जनउत्सव बनाने का आह्वान किया।

1100 से अधिक स्थानों पर होगा भव्य स्वागत

यात्रा मार्ग के करीब 1100 से अधिक स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इससे पूरे यात्रा मार्ग पर तिरंगामय वातावरण बनने की तैयारी है।

दर्जनों चौराहों पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट

यात्रा को लेकर भोपाल के विभिन्न स्थानों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं। चुना भट्टी, कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, रोशनपुरा, पॉलिटेक्निक चौराहा एवं लालघाटी चौराहे सहित कई स्थानों पर बनाए गए इन सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से राष्ट्रभक्ति के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।

‘जेन जी अगेंस्ट एडिक्शन' से नशामुक्त युवा का संदेश

सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से ‘जेन जी अगेंस्ट एडिक्शन’ और ‘नशा मुक्त युवा’ का संदेश प्रमुखता से दिया जा रहा है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी लेकर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।

अखंड भारत के संकल्प को समर्पित है यात्रा

अखंड भारत दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली ‘कर्मश्री’ की यह विराट तिरंगा यात्रा अब भोपाल की राष्ट्रभक्ति की एक प्रमुख परंपरा बन चुकी है। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंड भारत और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया राष्ट्रोत्सव में शामिल होने का आह्वान

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने भोपालवासियों से अपील की कि 14 अगस्त को अपने हाथों में तिरंगा लेकर इस विराट राष्ट्रोत्सव का हिस्सा बनें और पूरी दुनिया को भारत की राष्ट्रभक्ति एवं एकता का संदेश दें।

Created On :   14 Aug 2026 10:56 AM IST

Next Story