Air India Flight Turbulence: फुकेट टू दिल्ली वाले विमान में 4 सेकंड तक फेल रहे फ्लाइट कंट्रोल, जांच में बड़ा तकनीकी खुलासा

फुकेट टू दिल्ली वाले विमान में 4 सेकंड तक फेल रहे फ्लाइट कंट्रोल, जांच में बड़ा तकनीकी खुलासा
एयर इंडिया की फ्लाइट में करीब 4 सेकंड तक जरूरी फ्लाइट कंट्रोल काम नहीं कर पाए। हाइड्रोलिक सिस्टम ठीक होने के बाद विमान अचानक नीचे आया और कई यात्री घायल हुए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में 4 अगस्त को अचानक बड़ा झटका लगा था। अब इस मामले की शुरुआती जांच में विमान से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। एयरबस की शुरुआती जांच के अनुसार, उड़ान के दौरान करीब 4 सेकंड तक विमान के कुछ जरूरी कंट्रोल काम नहीं कर रहे थे। इसी दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे चला गया। तेज झटके के कारण कई यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोट लगी। बताया जा रहा है कि विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में एक साथ परेशानी आई थी। हालांकि, जांच अभी जारी है और घटना की पक्की वजह सामने नहीं आई है।

4 सेकंड तक कंट्रोल ने नहीं किया काम

एयरबस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के एलिवेटर और एलेरॉन कुछ समय के लिए काम नहीं कर रहे थे। एलिवेटर से विमान की नाक ऊपर-नीचे होती है, जबकि एलेरॉन विमान को दाएं या बाएं मोड़ने में मदद करते हैं। स्पॉयलर ने भी इसी दौरान काम करना बंद कर दिया। बताया गया कि विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में एक साथ परेशानी आई थी।

पायलट का इनपुट तुरंत नहीं हुआ असरदार

इसी दौरान ऑटोपायलट भी बंद हो गया और कॉकपिट में स्टॉल की चेतावनी आई। इससे बचने के लिए को-पायलट ने साइड-स्टिक को आगे किया। लेकिन उस समय हाइड्रोलिक सिस्टम काम नहीं कर रहा था इसलिए पायलट का इनपुट तुरंत विमान की नाक नीचे करने में असरदार नहीं हुआ। कुछ सेकंड बाद सिस्टम फिर से काम करने लगा और विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा। इस दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे आया और यात्रियों को जोरदार झटका लगा।

सेंसर में खराबी का शक, जांच अभी जारी

शुरुआती जांच में हाइड्रोलिक प्रेशर सेंसर या प्रेशर स्विच में खराबी की संभावना जताई गई है। हालांकि, इसे अभी घटना की अंतिम वजह नहीं माना गया है। आपको बता दें कि, एयरबस और फ्रांस की बीईए की टीम भी जांच में मदद कर रही है।

Created On :   14 Aug 2026 10:58 AM IST

Tags

Next Story