नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर विवादित टिप्पणी: पं. बंगाल सरकार ने बीजेपी सांसद अनंत महाराज से 'बंगा विभूषण' सम्मान लिया वापस, आजाद हिंद फौज में नेताजी की भूमिका पर उठाए थे सवाल

पं. बंगाल सरकार ने बीजेपी सांसद अनंत महाराज से बंगा विभूषण सम्मान लिया वापस, आजाद हिंद फौज में नेताजी की भूमिका पर उठाए थे सवाल
बीजेपी के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय को दिए गए बंगा विभूषण सम्मान को वापस ले लिया गया है। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस को लेकर विवादित टिप्पणी की है, जिस पर यह एक्शन लिया गया है।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। बीजेपी के राज्यसभा सांसद नागेंद्र राय (AKA अनंत महाराज) को दिया गया बंगा विभूषण सम्मान वापस ले लिया गया है। उन्हें यह सम्मान 21 फरवरी 2026 को दिया गया था। उन्होंने हाल ही में सुभाष चंद्र बोस को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी दी है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। राज्य के सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने सम्मान वापस लेने का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि बाद में सामने आई कुछ बातों की वजह से सम्मान की गरिमा पर सवाल खड़े हुए हैं। सरकार ने रिकॉर्ड में मौजूद जानकारी को देखने के बाद यह फैसला लिया है।

नेताजी पर बयान के बाद शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज को लेकर दिए गए बयानों से जुड़ा है। अनंत महाराज ने एक बातचीत में नेताजी की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आजाद हिंद फौज के काम को लेकर भी सवाल किए थे। इसके बाद उनके बयानों को लेकर विवाद बढ़ गया और सोशल मीडिया पर भी नेताजी से जुड़ी कई आपत्तिजनक पोस्ट सामने आई हैं।

सम्मान वापस लेने की वजह क्या बताई गई?

सरकार के विभाग ने अपने आदेश में कहा है कि सम्मान मिलने के बाद कुछ नई बातें सामने आईं। इन बातों को देखते हुए अधिकारियों को लगा कि सम्मान को आगे जारी रखना सही नहीं होगा। इससे सम्मान की इज्जत और उसके मकसद पर असर पड़ सकता था, इसी वजह से 21 फरवरी को दिया गया बंगा विभूषण सम्मान रद्द कर दिया गया है।

कौन हैं नागेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज?

नागेंद्र राय को अनंत महाराज के नाम से भी जाना जाता है। वह ग्रेटर कूच बिहार पीपल्स एसोसिएशन से जुड़े प्रमुख नेताओं में से एक रहे हैं। उत्तर बंगाल के राजबंशी समाज में भी उनका प्रभाव माना जाता है। नेताजी पर उनकी बातों के बाद उत्तर बंगाल के कुछ विधायकों ने कार्रवाई की मांग की है।

Created On :   13 Aug 2026 7:11 PM IST

Tags

Next Story