विदेश मंत्री से मिलकर रोने लगा हामिद, कहा... शुक्रिया

विदेश मंत्री से मिलकर रोने लगा हामिद, कहा... शुक्रिया
हाईलाइट
  • निहाल अंसारी (33) को 2012 में गिरफ्तार किया गया था
  • पाकिस्तान अपनी महिला मित्र से मिलने गए थे निहाल
  • पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने किया था निहाल को गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान की जेल में 6 साल तक कैद रहने के बाद रिहा होकर भारत लौटे हामिद निहाल अंसारी (33) ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से बुधवार को मुलाकात की। माता-पिता के साथ पहुंचे निहाल भावुक हो गए और उन्होंने सुषमा को वतन वापसी के लिए शुक्रिया कहा। मंगलवार को हामिद वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत आए थे, जिन्हें घर ले जाने के लिए उनके माता-पिता और भाई पहुंचे थे।

मुंबई में रहने वाले हामिद निहाल अंसारी (33) को 2012 में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उन्हें पाकिस्तान की सेंट्रल जेल में बंद रखा गया। सैन्य अदालत ने उन्हें 2015 में 3 साल की सजा सुनाई थी, जो 15दिसंबर को  पूरी हो गई। हामिद ने अफगानिस्तान के जरिए पाकिस्तान में एंट्री की थी। वो पाकिस्तान अपनी गर्ल फ्रेंड से मिलने गए थे, जिससे उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। 


पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने निहाल को कोहाट जिले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद अंसारी को कोई सुराग नहीं मिल रहा था। अंसारी को कोर्ट में पेश करते समय पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने दावा किया कि उन्होंने हमजा के नाम से नकली पहचान पत्र बनवाया था और अवैध कागजों के जरिए पाकिस्तान में प्रवेश किया था। अंसारी पर पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने जासूसी विरोध गतिविधियों में शामिल होने का मामला दर्ज किया था। अंसारी को पेशावर कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उन पर लगे आरोपों को माफ कर दिया गया था।


गर्लफ्रेंड ने भेजा था नकली पहचान पत्र
हामिद नवंबर 2012 में काबुल से नौकरी का ऑफर आने की बात कहकर मुंबई से अफगानिस्तान गए थे। इसके बाद फर्जी पहचान पत्र दिखाकर वो पाकिस्तान पहुंच गया। हामिद की गर्लफ्रेंड ने एक होटल में उसका इंतजाम कर दिया था, लेकिन भारतीय जासूस होने के आरोप में उसे 12 नवंबर को लॉज से गिरफ्तार कर लिया गया। हामिद को नकली पहचान पत्र उनकी गर्लफ्रेंड ने ही भेजा था।

 

 

 

Created On :   19 Dec 2018 9:11 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story