कैंब्रिज एनालिटिका डेटा फर्म से कनेक्शन पर बीजेपी-कांग्रेस में घमासान जारी

BJP-Congress charge allegations on connection with cambridge analytica
कैंब्रिज एनालिटिका डेटा फर्म से कनेक्शन पर बीजेपी-कांग्रेस में घमासान जारी
कैंब्रिज एनालिटिका डेटा फर्म से कनेक्शन पर बीजेपी-कांग्रेस में घमासान जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 5 करोड़ फेसबुक यूजर्स के डेटा का दुरुपयोग करने की आरोपी फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका से कनेक्शन पर बीजेपी-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। बीजेपी ने जहां इस डेटा फर्म से कांग्रेस के कनेक्शन के दावे किए हैं, वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों पर उल्टा बीजेपी को घेरा है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी ने आज से 8 साल पहले इस फर्म की सेवाएं ली थीं। बता दें कि कैंब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक के पांच करोड़ सदस्‍यों से जुड़ी जानकारियों का दुरुपयोग करने आरोप लगा है। आरोप हैं कि फर्म ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में वोटर्स की राय को मैन्यूपलेट करने के लिए फेसबुक यूजर्स डेटा में सेंध लगाई थी। अब इस मामले में फेसबुक के संस्थापक जकरबर्ग से जवाब-तलब किया गया है।

बीजेपी के आरोप
सूचना प्रौद्योगिक मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैम्ब्रिज एनालिटिका से कांग्रेस के कनेक्शन का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस डेटा फर्म की मदद ले रही है। उन्होंने कहा, "कैंब्रिज एनालिटिका चुनावों को फेक न्‍यूज से प्रभावित करती है। यह फर्म फेसबुक यूजर्स के डेटा का दुरुपयोग करती है। कांग्रेस पार्टी इस कंपनी की सेवा ले रही है जो गलत है।" रविशंकर ने इन दिनों सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी के प्रति बदलते रूख और राहुल के बढ़ते फॉलोअर्स को भी इस फर्म की देन बताया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कांग्रेस पार्टी के इस फर्म से कनेक्शन पर कई सवाल भी दागे है। उन्होंने पूछा है,

  • कांग्रेस एक आरोपी फर्म की सेवा क्यों ले रही है? 
  • क्या कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए अब डेटा चोरी का इस्तेमाल करेगी? 
  • क्या कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए फेक न्यूज के रास्ते को अपनाएगी जैसा कैंब्रिज एनालिटिका ने किया? 
  • इस संगठन की राहुल की सोशल मीडिया प्रोफाइल में क्या भूमिका है?


रविशंकर ने इस दौरान यह भी कहा कि 20 करोड़ भारतीय फेसबुक से जुड़े हुए हैं। हम ऐसे किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं करेंगे जो यूजर्स की प्राइवेसी के लिए खतरा हो और उन्हें गलत राह दिखाए। फेसबुक भी यह बात नोट कर ले कि अगर जरूरत पड़ी तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि ब्रिटिश एजेंसी कैम्ब्रिज एनालिटिका की क्लाइंट कांग्रेस नहीं बल्कि बीजेपी है। उन्होंने कहा, "2010 के बिहार चुनाव में बीजेपी ने इस एजेंसी की सेवाएं ली थीं। उस समय बीजेपी का जेडीयू के साथ गठबंधन था" कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने रविशंकर प्रसाद के आरोपों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब देते हुए कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कभी भी कैम्ब्रिज एनालिटिका कंपनी की सेवाएं नहीं ली हैं। यह कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद द्वारा बोला गया सफेद झूठ है।"

कैम्ब्रिज एनालिटिका पर क्या है आरोप
ब्रिटिश डेटा फर्म कैंब्रिज एनालिटिका पर फेसबुक यूजर्स के डेटा का दुरुपयोग करने आरोप लगा है। इन आरोपों के बाद कंपनी ने अपने चीफ एक्जीक्यूटिव अलेक्जेंडर निक्स को सस्पेंड कर दिया है। बताया जा रहा है कि फेसबुक पर करीब 5 करोड़ यूजर्स की निजी जानकारियां लीक हुई थी, जिसका फायदा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के लिए काम कर रही फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका ने उठाया था। आरोप है कि फर्म ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में वोटर्स की राय को मैन्यूपलेट करने के लिए फेसबुक यूजर्स डेटा में सेंध लगाई थी।

फेसबुक के शेयर लुढ़के
FB यूजर्स डेटा लीक होने का मामला सामने आने के बाद फेसबुक के शेयर भी लुढ़क गए है। फेसबुक को इससे करीब 40 अरब डॉलर का नुकसान होने की बात कही जा रही है।  इस मामले में फेसबुक के संस्थापक जकरबर्ग से भी जवाब-तलब किया गया है। सोशल मीडिया पर डिलिट फेसबुक कैंपेन भी शुरू हो गया है।

Created On :   21 March 2018 1:04 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story