लाभार्थियों को मोदी सरकार की याद दिलाएगी भाजपा, पार्टी तैयार कर रही कॉल सेंटर

BJP has full confidence in voters for return of Modi Government
लाभार्थियों को मोदी सरकार की याद दिलाएगी भाजपा, पार्टी तैयार कर रही कॉल सेंटर
लाभार्थियों को मोदी सरकार की याद दिलाएगी भाजपा, पार्टी तैयार कर रही कॉल सेंटर
हाईलाइट
  • इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव तक पार्टी के कार्यकर्ता इन लाभार्थियों से सीधे सम्पर्क में रहेंगे।
  • केंद्र सरकार से सीधे लाभ हासिल करने वाले मतदाताओं पर भाजपा को पूरा भरोसा है।
  • पार्टी का मानना है कि ये 22 करोड़ लाभार्थी मोदी सरकार की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों से सीधे लाभ हासिल करने वाले मतदाताओं पर भाजपा को पूरा भरोसा है। पार्टी का मानना है कि ये 22 करोड़ लाभार्थी मोदी सरकार की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव तक पार्टी के कार्यकर्ता इन लाभार्थियों से सीधे सम्पर्क में रहेंगे। इसके लिए देशभर में लोकसभा क्षेत्रवार कॉल सेंटर शुरु किए जा रहे हैं।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करने वाली भाजपा इस बार विपक्षी दलों की एकजुटता से थोड़ी मुश्किल में दिखाई दे रही है। हालांकि पार्टी नेताओं का दावा है कि वे मोदी सरकार की वापसी को लेकर निश्चिंत हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब सारा फोकस मोदी सरकार के लाभार्थियों पर होगा। मोदी सरकार के पास 22 करोड़ लाभार्थियों की सूची है। इन्हें उज्जवला योजना, किसान कर्जमाफी, प्रधानमंत्री आवास योजना, असंगठित कामगार कल्याण योजना व ‘आयुष्मान भारत’ जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभ मिला है। इन लाभार्थियों की सूची प्रदेश भाजपा कार्यालयों तक पहुंचा दी गई है। अब इनसे सम्पर्क के लिए चार-चार लोकसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक कॉल सेंटर तैयार किए जा रहे हैं।

इन कॉल सेंटर में तैनात पार्टी कार्यकर्ताओं लाभार्थियों से सीधे सम्पर्क कर उन्हें मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की याद दिलाएंगे। उन्हें समझाया जाएगा कि इन योजनाओं को टिकाए रखने के लिए फिर से नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनना क्यों जरूरी है। इसके अलावा पार्टी के सत्ता में आने बाद 12 करोड़ लोगों को भाजपा कार्यकर्ता बनाया गया है। पार्टी मान रही है इनमें से 10 से 15 फीसदी लोग यदि अब पार्टी के साथ नहीं भी होंगे तो अभी भी पार्टी के पास अपने सदस्यों की बड़ी संख्या है, जो पार्टी को जीत दिलाने में मददगार होंगे।

17 करोड़ मतदाताओं पर नजर
दरअसल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 17 करोड़ वोट हासिल कर लोकसभा की 543 सीटों में से 282 सीटों पर जीत हासिल की थी। मित्रदलों के साथ एनडीए के सीटों की संख्या 336 तक पहुंच गई थी। इस बार भी पार्टी यह 17 करोड़ वोट का आकड़ा बरकरार रखना चाहती है। पार्टी के एक नेता कहते हैं कि इस आकड़े में थोड़ी-बहुत कमी हुई तो भी हम केंद्र में फिर से सरकार बना लेंगे।

‘काम पर मांगेगे वोट’
त्रिपुरा में भाजपा की जीत के शिल्पकार और अब भाजपा के राष्ट्रीय सचिन सुनील देवधर ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में कहा कि पिछले साढे चार वर्षों में मोदी सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। देश में 22 करोड़ लोग मोदी सरकार के लाभार्थी हैं। हम अपने लाभार्थियों से सम्पर्क कर फिर से केंद्र में मोदी सरकार बनाने के लिए उनका वोट मांगेंगे। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि ये लोग श्री मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे।

Created On :   28 Jan 2019 6:43 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story