2019 से पहले किन चेहरों पर दांव ?

Cabinet reshuffle on Sunday PM Modi may induct dozen new faces in major revamp
2019 से पहले किन चेहरों पर दांव ?
2019 से पहले किन चेहरों पर दांव ?

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। रविवार सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कैबिनेट का तीसरा विस्तार करेंगे। इस लिहाज से यह दिन मोदी के मंत्रियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि करीब 9 नए चेहरों को जगह मिलेगी और लगभग एक दर्जन मंत्रियों की विदाई होगी। बहुत समय से खाली पड़े पदों को भरने के साथ ही कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जाएंगे। दरअसल प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इस फेरबदल के लिए मंत्रियों के तीन साल के कामकाज और चुनावी राज्यों के समीकरण को आधार बनाया है।

अन्य पार्टियों के मंत्रियों को मिलेगा कैबिनेट में मौका
प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए ही इस बार मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा खुद की है। आपको बता दें कि कैबिनेट विस्तार में भाजपा के नए साथी जदयू को दो पद और शिवसेना को एक अतिरिक्त पद दिया जाएगा। अन्नाद्रमुक के दोनों गुटों के बीच विलय प्रक्रिया पूरी न होने के कारण उसके कोटे से किसी को मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। अगर सहमति बनी तो अन्नाद्रमुक को तीन पद दिए जाएंगे।

इस्तीफे की कड़ी में जुड़ेंगे अभी और भी नाम
शनिवार सुबह इस्तीफों की कड़ी में केंद्रीय लघु एवं सूक्ष्‍म उद्योग मंत्री कलराज मिश्र का भी नाम जुड़ गया। आपको बता दें कि कैबिनेट विस्तार से पहले 8 मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं, जबकि पांच अन्य को भी इस्तीफा देने का निर्देश दे दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूडी, जल संसाधन मंत्री उमा भारती, जल संसाधन राज्य मंत्री संजीव बालियान, मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री महेंद्रनाथ पांडे, स्वास्थ्य राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते पहले ही इस्तीफा सौंप चुके हैं। इसी बीच केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने कैबिनेट विस्तार से पहले शुक्रवार की शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि निर्मला सीतारमण, राधामोहन सिंह, गिरिराज सिंह, जेपी नड्डा सहित कुछ अन्य मंत्रियों को भी इस्तीफा देने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

ये मंत्री संभाल रहे हैं दो-दो मंत्रालय
वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास वित्त मंत्रालय के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय का भी प्रभार है। इसी तरह हर्षवर्धन के पास पर्यावरण मंत्रालय, नरेंद्र सिंह तोमर के पास शहरी विकास मंत्रालय और स्मृति ईरानी के पास सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अतिरिक्त प्रभार है।

हिमाचल से धूमल या अनुराग
चुनावी राज्य हिमाचल प्रदेश को साधने के लिए पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल या उनके सांसद पुत्र अनुराग सिंह ठाकुर को मंत्रिपरिषद में जगह दिए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक अगर 73 वर्षीय धूमल के नाम पर सहमति बनी तो उन्हें कृषि मंत्री बनाया जाएगा। ऐसी स्थिति में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद धूमल स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की जगह राज्यसभा में प्रवेश करेंगे। पार्टी नेतृत्व पहले ही नड्डा को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार पेश करने का मन बना चुका है।

गडकरी को मिल सकता रेल विभाग
खबर है कि पिछले कुछ समय में रेलों में हो रहे हादसों के बाद, इस्तीफे की पेशकश कर चुके रेल मंत्री सुरेश प्रभु को पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। ऐसे कवायद हैं कि सरकार रेलवे, सड़क, जल और हवाई यातायात से जुड़े सभी मंत्रालया का विलय कर इसकी जिम्मेदारी नितिन गडकरी को दे सकती है। 

कैबिनेट का अंतिम विस्तार पार्टी !
यह संभावित अंतिम विस्तार है मोदी मंत्रिमंडल का तो इस कारण सरकार और पार्टी के बीच जबरदस्त माथापच्ची हो रही है। चूंकि इस साल हिमाचल प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक तो अगले साल मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने हैं। लिहाजा, मंत्रियों के कामकाज के अलावा इन राज्यों के राजनीतिक गणित को भी आधार बनाया गया है।

अधिकतम 81 मंत्री
फिलहाल पीएम को मिलाकर केंद्रीय मंत्रिपरिषद में 73 सदस्य हैं। इनमें से 24 कैबिनेट, 12 राज्य मंत्री और 36 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री हैं। कानूनन मंत्रिपरिषद में कुल लोकसभा सांसदों (545) के 15 प्रतिशत यानी अधिकतम 81 सदस्य हो सकते हैं।

ये तीनों मंत्री प्रमोशन के कतार में
खबर ये भी है कि प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल और धमेंद्र प्रधान को अच्छे काम के बदले इनाम के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि इनके काम से पीएम मोदी काफी खुश हैं। फिलहाल जावड़ेकर के पास मानव संसाधन मंत्रालय, धर्मेंद्र प्रधान के पास पेट्रोलियम मंत्रालय और पीयूष गोयल के पास ऊर्जा मंत्रालय का जिम्मा है।

इन नए चेहरों पर लग सकती है मुहर
मोदी मंत्रिमंडल में जिन नए चेहरों को जगह मिल सकती हैं उनमें से इनके नाम सामने आ रहे हैं। ये नाम हैं-
भूपेंद्र यादव या ओम माथुर, प्रहलाद जोशी, विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रह्लाद पटेल, हरीश द्विवेदी, सत्यपाल सिंह, सुरेश अंगड़ी, चंदूलाल साहू, अश्विनी चौबे, हेमंत विश्वशर्मा, भारती स्याल, प्रेम कुमार धूमल या अनुराग ठाकुर, आरसीपी सिंह (जदयू),  संतोष कुशवाहा (जदयू), एम थंबीदुरई (अन्नाद्रमुक), वी मैत्रेयन (अन्नाद्रमुक)​

प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे मंत्रिपरिषद फेरबदल के बाद ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन रवाना हो जाएंगे। 

Created On :   2 Sep 2017 2:49 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story