कर्नाटक: गठबंधन सरकार पर गहराया संकट, 2 निर्दलीय विधायकों का भाजपा को समर्थन

Congress-JD(S) scramble to save Karnataka govt as exodus continues
कर्नाटक: गठबंधन सरकार पर गहराया संकट, 2 निर्दलीय विधायकों का भाजपा को समर्थन
कर्नाटक: गठबंधन सरकार पर गहराया संकट, 2 निर्दलीय विधायकों का भाजपा को समर्थन
हाईलाइट
  • कर्नाटक की गठबंधन सरकार पर सियासी संकट बना हुआ है
  • इससे कुछ घंटे पहले निर्दलीय विधायक एच नागेश ने भी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था
  • सोमवार को मंत्री और निर्दलीय विधायक आर शंकर ने इस्तीफा दे दिया

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक की गठबंधन सरकार पर सियासी संकट बना हुआ है। सोमवार को मंत्री और निर्दलीय विधायक आर शंकर ने एच डी कुमारस्वामी मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया और विपक्षी भाजपा को अपना समर्थन देने का ऐलान किया। इससे कुछ घंटे पहले ही निर्दलीय विधायक एच नागेश ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भाजपा को अपना समर्थन दिया था।

शंकर ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात की और भाजपा को समर्थन देने के अपने फैसले से अवगत कराया। रानेबेन्नुर विधायक जो नगरपालिका प्रशासन मंत्री थे, बाद में मुंबई के लिए रवाना हो गए। शंकर के फैसले के साथ, 224 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा की संख्या 107 हो गई है, जबकि अध्यक्ष को छोड़कर सत्तारूढ़ गठबंधन की ताकत घटकर 116 हो गई है। इससे पहले शनिवार को 13 विधायकों ने इस्तीफा दिया था।

कर्नाटक सरकार का गणित
224 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 113 सीटों की जरुरत है। गठबंधन सरकार के पक्ष में 118 विधायक थे। दो निर्दलीय विधायक भाजपा को समर्थन देने की ऐलान कर चुके हैं। अगर विधानसभा अध्यक्ष 13 विधायकों के इस्तीफे को स्वीकार कर लेते हैं, तो गठबंधन सरकार में विधायकों की संख्या घटकर 103 रह जाएगी। विधानसभा की स्ट्रेंथ घटकर भी 210 हो जाएगी। ऐसे में बहुमत के लिए 113 के बजाय 106 सीटों की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के पास बहुमत के लिए जरूरी सीटों से 3 सीटें कम होगी।

बागी विधायक मुंबई से गोवा रवाना
सत्तारूढ़ जेडीएस-कांग्रेस सरकार के चौदह विधायक जो मुंबई के एक लग्जरी होटल में रुके हुए थे शाम को गोवा के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि इन विधायकों के साथ मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहित भारतीय भी है। दरअसल, कांग्रेस नेता और कर्नाटक सरकार में मंत्री डीके शिवकुमार बागी विधायकों से मुलाकात के लिए मुंबई पहुंच रहे थे। इसी के चलते इन विधायको ने अपना नया ठिकाना गोवा को बना लिया है। सूत्रों ने कहा कि उनके गोवा के एक रिसॉर्ट में रुकने की उम्मीद है।

इन 13 विधायकों ने दिया था इस्तीफा
गठबंधन सरकार के जिन विधायकों ने शनिवार को इस्तीफा दिया था उनमें कांग्रेस के रमेश जरकिहोली, प्रताप गौड़ा पाटिल, शिवराम हेब्बर, महेश कुमाथल्ली, बी. सी. पाटिल, बायरातिबासवराज, एस. टी. सोमाशेखर और रामलिंगा रेड्डी शामिल हैं। इनके अलावा जेडीएस के ए. एच. विश्वनाथ, नारायण गौड़ा और गोपालैयाह ने भी इस्तीफा दिया हैं। 

 

Created On :   8 July 2019 5:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story