40 हजार कैश और 72 लाख का कर्ज- कुछ ऐसा है राहुल गांधी की संपत्ति का लेखा-जोखा

40 हजार कैश और 72 लाख का कर्ज- कुछ ऐसा है राहुल गांधी की संपत्ति का लेखा-जोखा
हाईलाइट
  • 72 लाख के कर्जदार हैं राहुल गांधी
  • राहुल गांधी ने पेश किया अपनी संपत्ति का लेखा-जोखा
  • राहुल गांधी पर सिर्फ 40 हजार कैश

डिजिटल डेस्क, वायनाड। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को केरल की वायनाड सीट से अपना नामांकन भर दिया है। राहुल ने अपना नामांकन दाखिल करने के दौरान हलफनामे में अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया है। हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति 15.88 करोड़ बताई है। राहुल के पास 5.8 करोड़ रुपये की चल और 10 करोड़ 8 लाख 18 हजार 284 रुपये की अचल संपत्ति है। 2004 में दिए गए हलफनामे में राहुल की संपत्ति सिर्फ 56 लाख रुपये थी। 

बता दें कि राहुल के पास मात्र 40 हजार रुपये कैश हैं। इसके अलावा उन्होंने 72 लाख रुपये का कर्ज लिया है। राहुल के अलावा उनकी मां सोनिया गांधी ने भी 5 लाख का कर्ज लिया है। राहुल के पास खुद की गाड़ी भी नहीं है। प्रस्तुत किए गए संपत्ति विवरण के मुताबिक दिल्ली के सुल्तानपुर में 1.32 करोड़ के फॉर्म हाउस में राहुल गांधी की हिस्सेदारी है। गुरुग्राम के सिग्नेचर टॉवर में दिसंबर 2014 में राहुल ने ऑफिस के लिए दो स्पेस खरीदे। इस संपत्ति की कीमत 8.75 करोड़ है। राहुल के पास 2.91 लाख रुपये का सोना भी है। 

अगर बात की जाए वित्तीय वर्ष 2017-18 की तो राहुल की कुल कमाई 1 करोड़ 11 लाख 85 हजार 570 रुपये थी। राहुल की आय का स्रोत सांसद की सैलरी, रॉयल्टी आय, किराये से आय, बॉन्ड से मिले ब्याज, डिविडेंड और म्युचुअल फंड से मिलने वाले पैसे हैं। इसके अलावा राहुल गांधी ने अपने हमफनामें में बताया कि उन पर पांच मुकदमे चल रहे हैं। जिसमें चार मानहानि के हैं। दो मामले महाराष्ट्र के हैं और एक-एक मामला झारखंड, असम और नई दिल्ली का है। 
 

Created On :   5 April 2019 6:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story