ED और IT डिपार्टमेंट करेगा राम रहीम की संपत्तियों की जांच

ED and IT department will investigate properties of Ram Rahim
ED और IT डिपार्टमेंट करेगा राम रहीम की संपत्तियों की जांच
ED और IT डिपार्टमेंट करेगा राम रहीम की संपत्तियों की जांच

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। दो साध्वियों से बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा काट रहे गुरुमीत राम रहीम की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार आयकर विभाग (आईटी) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बाबा राम रहीम की संपत्तियों की जांच करेंगी। बुधवार को हरियाणा सरकार ने बाबा राम रहीम की संपत्तियों से जुड़ी एक रिपोर्ट हाई कोर्ट में पेश की। इस मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया कि राम रहीम के द्वारा निर्मित संपत्ति की जांच कराई जाए। कोर्ट ने पूछा कि राम रहीम द्वारा अस्पताल, स्कूल और अन्य अमारतें किसकी इजाजत से बनाई गई हैं। हाई कोर्ट ने आईटी और ईडी से डेरा सच्चा सौदा की आय और मनी लांड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच के भी निर्देश दिए।

पंचकूला हिंसा की एसआईटी जांच के आदेश 
हाईकोर्ट ने राम रहीम को झटका देते हुए उसकी गिरफ्तारी के समय पंचकूला में दर्ज की गई हिंसा की 18 रिपोर्टों पर एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं। हाई कोर्ट ने कहा कि पंजाब और हरियाणा सरकार मुआवजा देने के लिए एक ट्रिब्यूनल का गठन करें। आपको बता दें कि हरियाणा में फैली राम रहीम की कुल संपत्ति 1600 करोड़ रुपए की है। उनका साम्राज्य राज्य के 16 जिलों में फैला हुआ है। जिसमें सिरसा की 1453 करोड़ की प्रापर्टी भी शामिल है। उनकी कुछ संपत्तियां राज्य के बाहर भी हैं। 

ट्रिब्यूनल बताएगा किसको कितनी की जाए भरपाई
हाई कोर्ट में सरकार के अधिवक्ता सत्यपाल जैन ने बताया कि हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई को लेकर पंजाब और हरियाणा सरकार को ट्रिब्यूनल बनाने का आदेश दिया गया है। अब ट्रिब्यूनल तय करेगा कि पंचकूला हिंसा में कितना नुकसान हुआ और उसकी भरपाई किस तरह की जाएगी। सिरसा में हुए डेरा के निर्माण कार्यों पर भी रिपोर्ट देनी है। इसी ट्रिब्यूनल की सिफारिश के आधार पर राम रहीम की गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा में हुए संपत्ति के नुकसान का वितरण किया जाएगा।  

हिंसा में स्वाहा हुई 204 करोड़ की संपत्ति 
बाबा राम रहीम को सजा के बाद पंचकूला में हुई हिंसा में लगभग 204 करोड़ रुपए की संपत्ति को नुकसान हुआ था, जिसे सरकार उसकी संपत्ति के जरिए वसूल करेगी। बताया जाता है यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। क्योंकि सरकार ने हिंसा में आम लोगों को हुए नुकसान की भी जानकारी मांगी है। 204 करोड़ के सरकारी नुकसान में रोडवेज का 14 करोड़, उत्तरी रेलवे का 50 करोड़, सेना और अर्द्धसैनिक बलों के 45 करोड़ और पंचकूला समेत प्रदेश भर में हिंसा और आगजनी में 95 करोड़ का नुकसान दिखाया गया है। हाई कोर्ट ने इस दौरान निजी संपत्तियों को हुई क्षति का भी ब्यौरा मांगा है। 

ये हैं जांच के दायरे में आने वाली संपत्तियां  
हाईकोर्ट के आदेश के बाद राम रहीम की जिन संपत्तियों की जांच मुख्यरूप से आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय करेंगे वे इस प्रकार हैं। ये संपत्तियां राज्य और राज्य से बाहर तक फैली हुई हैं। इसके अलावा सच्चा सौदा की आय के अन्य स्रोतों और मनी लांड्रिंग को भी जांच के दायरे में रखा जाएगा। कुछ मुख्य संपत्तियां..

1. डेरा सच्चा सौदा का पुराना भवन और एसी मार्केट

2. डेरा का नया भवन, उसमें स्थित ब्वायज स्कूल, गर्ल्स स्कूल और कालेज

3. क्रिकेट स्टेडियम

4. फाइव स्टार होटल

5. एमएसजी इंटरनेशनल स्कूल

6. शाह सतनाम सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल

7. विभिन्न फैक्ट्रियां

8. एसएमजी प्रोडक्ट

9. फिल्म सिटी सेंटर

10. माही सिनेमा

11. कशिश रेस्टोरेंट

12. बाग-बगीचे

13. डेरे के शिक्षण संस्थाओं की वैन और अन्य गाड़ियां

14. शाही बेटियां आश्रम

15. खेल गांव (निर्माणाधीन) आदि

Created On :   27 Sept 2017 8:40 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story