दैनिक भास्कर हिंदी: पूर्व लोकसभा स्पीकर सोमनाथ चटर्जी सेरिब्रल अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती

June 28th, 2018

हाईलाइट

  • पूर्व लोक सभा स्पीकर सोमनाथ चटर्जी को सेरिब्रल अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
  • उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
  • इससे पहले 2014 में भी चटर्जी को एक छोटा सेरिब्रल अटैक आया था।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पूर्व लोक सभा स्पीकर सोमनाथ चटर्जी को सेरिब्रल अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार को सेरिब्रल अटैक के बाद उन्हें कोलकाता के 'बेले वू' अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

 

 

14वीं लोकसभा के अध्यक्ष चुने गए थे


गौरतलब है कि इससे पहले 2014 में भी चटर्जी को एक छोटा सेरिब्रल अटैक आया था। सोमनाथ चटर्जी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रमुख और दिग्गज नेताओं में से एक हैं। सोमनाथ चटर्जी ने 14वीं लोकसभा में पश्चिम बंगाल के बोलपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए लोकसभा अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। सोमनाथ चटर्जी मशहूर वकील और हिंदू महासभा के संस्थापक अध्यक्ष निर्मलचंद्र चटर्जी केके बेटे हैं।

 

चटर्जी ने पंचायत चुनाव में SEC की आलोचना की थी


सोमनाथ चटर्जी ने हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए पंचायत चुनावों पर राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) की आलोचना की थी। चटर्जी ने कहा था, मैंने अपने अब तक के राजनीतिक करियर में पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान इतनी हिंसा कभी नहीं देखी। 

 

जानिए सोमनाथ चटर्जी के बारे में-
 

  • सोमनाथ चटर्जी ने अपने करियर की शुरुआत एक वकील के रूप में की थी।
     
  • 1968 में वो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सदस्य बनने के बाद सक्रिय राजनीति में शामिल हुए। 
     
  • 1971 में पहली बार लोकसभा के सदस्य बने।
     
  • 4 जून, 2004 को 14वीं लोकसभा के अध्यक्ष के रूप में सोमनाथ चटर्जी का सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए थे।
     
  • सितंबर 2006 में चटर्जी अबुजा, नाइजीरिया में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के अध्यक्ष चुने गए थे। 
     

  • उनके नेतृत्व में भारत ने सिंतबर 2007 में नई दिल्ली में 53वें सीपीए सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेज़बानी की थी।
     
  • चटर्जी ने जेनेवा में अंतरसंसदीय संघ की 117वीं सभा में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व किया था।