डोकलाम के पास फिर जमा हुए चीनी सैनिक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत-चीन के बीच करीब ढाई महीनों तक चले डोकलाम विवाद को खत्म हुए अभी कुछ ही दिन बीते हैं कि दोनों देशों के बीच फिर विवाद गहरा गया है। इस बार विवाद की जड़ डोकलाम क्षेत्र से 10 किलोमीटर दूर है। चीनी सेना यहां सड़क का निर्माण कर रही है। चीन के सैनिक यहां चुंबी घाटी में जमे हुए हैं, जो कि सिक्किम के पूर्व में है। यहां चीनी सैनिकों द्वारा अभ्यास के नाम पर सड़क को चौड़ी करने का काम चल रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले जून में चीनी सैनिकों द्वारा भूटान के डोकलाम क्षेत्र में रोड बनाने को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद शुरू हुआ था। भारतीय सैनिकों ने भारत, चीन और भूटान के इस ट्राइजंक्शन में पहुंचकर चीनी सेना को रोड बनाने से रोक दिया था। इस दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच हाथापाई भी हुई थी। इस घटना के बाद करीब ढाई महीनों तक डोकलाम में भारतीय-चीनी सैनिक एक-दूसरे के सामने डंटे हुए थे। इस दौरान चीनी मीडिया ने कई बार भारत को युद्ध की धमकी भी दी थी। हालांकि अगस्त के अंत तक यह विवाद सुलझा लिया गया था।
ताजा मामले में सेना के अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में फिर से सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ करने से साफ जाहिर है कि चीन डोकलाम पर अपना दावा साबित करने पर आमदा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस सड़क का निर्माण डोकलाम विवाद सुलझने के कुछ दिन बाद ही शुरू हो गया था। चीन इस रोड का विस्तार दक्षिण में टोरसो नाले से लेकर झमपेरी रिज तक करना चाहता है।
बता दें कि डोकलाम भूटान का क्षेत्र है, जिस पर चीन अपना हिस्सा होने का दावा करता आया है। वहीं भारत का कहना है कि चीन डोकलाम पर कब्जा कर भारत-चीन और भूटान के ट्राइंजक्शन का नक्शा बिगाड़ना चाहता है।
Created On :   6 Oct 2017 12:23 AM IST