भारत पहली बार अमेरिका से खरीदेगा कच्चा तेल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तेल के लिए बारत अब खाड़ी देशों पर निर्भर रहा है, लेकिन अब भारत ने अमेरिका से हाथ मिला लिया है। दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक भारत ने अमेरिका से तेल इम्पोर्ट करने के लिए समझौता किया है। तेल की पहली खेप इस साल अक्टूबर में भारत पहुंच सकती है।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन (IOC) ने पीएम मोदी के अमेरिका दौरे के कुछ ही सप्ताह के अंदर ये समझौता किया है। पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका भारत को ऊर्जा उत्पादों के निर्यात पर गौर कर रहा है।
आईओसी के निदेशक (वित्त) एके शर्मा ने बताया, 'हमने उत्तरी अमेरिका से 20 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदा है। इसमें अमेरिकी मार्स क्रूड और 4,00,000 बैरल वेस्टर्न कैनेडियन सिलेक्ट शामिल है।' यूएस मार्स भारी, उच्च सल्फर ग्रेड का क्रूड है जिसका प्रसंस्करण आईओसी की ओडिशा स्थित पारादीप रिफाइनरी में होगा। शर्मा ने कहा कि अगर बाजार की स्थिति ऐसी खरीद के लिए अनुकूल रही तो कंपनी आगे भी भी अमेरिका से कच्चा तेल खरीदेगी।
ऐसा पहली बार हो रहा है कि भारत ने तेल के लिए अमेरिका के साथ समझौता किया है। इससे पहले चीन और कोरिया जैसे अन्य देश भी खाड़ी देशों से तेल न लेकर कच्चा तेल अमेरिका से आयात कर रहे हैं।
आपको बता दें कि दो साल पहले तक अमेरिका कनाडा के अलावा अन्य किसी देश को तेल नहीं बेच सकता था। बीते तीन साल में तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद तेल कंपनियों को दिवालिया होने से बचाने के लिए ओबामा प्रशासन ने तेल बेचने के कानून में ढील देते हुए एशियाई देशों को तेल बेचने का रास्ता साफ किया था।
Created On :   11 July 2017 9:39 AM IST