झारखंड चुनाव: धनबाद में बोले पीएम मोदी- देश को भाजपा पर भरोसा, हम संकल्प को सिद्ध करते हैं

झारखंड चुनाव: धनबाद में बोले पीएम मोदी- देश को भाजपा पर भरोसा, हम संकल्प को सिद्ध करते हैं

डिजिटल डेस्क, रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धनबाद के बरवाअड्डा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले दो चरणों में बीजेपी के पक्ष में अभूतपूर्व मतदान हुआ है। भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं ने प्रशंसनीय कार्य किया है। पीएम मोदी ने कहा, आज पूरा हिंदुस्तान भाजपा पर क्यों विश्वास करता है? ये भरोसा इसलिए है क्योंकि बीजेपी ही है, जो संकल्प लेने के बाद उसे सिद्ध करती है। उन्होंने कहा कि जो वादा हम देश के लोगों से करते हैं, उस पर पूरी ईमानदारी से अमल करते हैं। 

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में एक विचित्र राजनीतिक माहौल बनाया है। जिसके कारण घोषणा पत्रों पर नेताओं के वादों पर जनता का भरोसा उठ ही गया था। कांग्रेस ने ऐसी परंपरा बनाई जिससे लोगों को लगने लगा कि नेता चुनाव के दौरान घोषणाएं करते हैं और भूल जाते हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिर्फ 6 महीने में दिखाया है कि संकल्प चाहे कितने भी बड़े हों, कितने भी मुश्किल हों, उन्हें पूरा करने के लिए हम दिन-रात एक कर देते हैं। हमने कहा था कि छोटे किसान, खेत मजदूर, छोटे दुकानदार और छोटे व्यापारियों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन की व्यवस्था करेंगे। ये संकल्प भी हमने आते ही पूरा कर दिया। पीएम मोदी ने कहा, "हम सुख-वैभव के पीछे नहीं दौड़ते हैं, न ही हम चैन की नींद सोते हैं। हम हर पल देशवासियों के सपने पूरा करने के लिए अपने आपको मिटाते रहते हैं।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले और उनके सहयोगी अब गरीबी हटाओ कहना भूल गए, क्योंकि 30-30 साल तक वे झूठ बोलते रहे। भाजपा ने आपसे ये कहा था कि देश में एक ही संविधान लागू करेंगे। जम्मू कश्मीर में भी भारतीय कानून लागू करेंगे। अनुच्छेद 370 हटाने का वादा हमने निष्ठा व ईमानदारी से पूरा किया। आज जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हट चुका है और भारत का संविधान पूरी तरह से वहां लागू है। 

पीएम मोदी राम जन्मभूमि को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इसे जानबूझकर उलझाकर रखा था। हमारे संकल्प पत्र में लिखा था कि राम जन्मभूमि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएंगे। हमने राम जन्मभूमि विवाद को शांति से सुलझाया और आप देख रहे हैं कि कैसे अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण के सारे मार्ग खुल गए है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैंने वोट बैंक की कभी चिंता नहीं की है, लोगों की भलाई का काम किया है। कुछ लोग भ्रम में रहते हैं कि तीन तलाक कानून जो मोदी ने बनाया है, वो मुस्लिम महिलाओं की मदद करता है, लेकिन इससे ज्यादा यह कानून मुस्लिम पुरुषों की मदद करता है। पीएम ने कहा, "कोई बेटी तीन तलाक के कारण घर लौट आए तो पिता को तकलीफ होगी कि नहीं होगी? तीन तलाक के कारण सिर्फ एक बेटी के साथ अन्याय नहीं होता है, बेटी के माता, पिता और भाई परेशान हो जाते हैं, पूरा परिवार परेशान हो जाता है। इसलिए तीन तलाक का कानून लाकर हमने उनकी भी मदद की है।"

Created On :   12 Dec 2019 2:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story