ट्रैक्टर लेकर संसद भवन पहुंचे ये सासंद, पुलिस अधिकारी अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में कई बार ऐसा नजारा देखने को मिलता है, जब कोई जनप्रतिनिधि साइकिल, बाइक, हाथी, घोड़े पर संसद भवन या विधानसभा पहुंचता हैं। शुक्रवार को ऐसी ही बानगी देखने को मिली, जब पहली बार एक सासंद सभी को चौंकाते हुए ट्रैक्टर लेकर संसद पहुंच गए। ये हरिणाया के हिसार से लोकसभा सांसद दुष्यंत चौटाला हैं, जो इंडियन नेशनल लोक दल पार्टी से हैं। इनके इस कारनामे के बाद नई दिल्ली स्थित संसद भवन में तैनात पुलिस अधिकारी भी अलर्ट नजर आए।
शुक्रवार को दुष्यंत चौटाला खुद ट्रैक्टर चला कर संसद परिसर में आए। हरे रंग के ट्रैक्टर पर उनके साथ दो लोग और भी सवार थे। ऐसा उन्होंने अपने शौक या पसंद के कारण नहीं किया, बल्कि विरोध जताने के लिए किया। उनका यह विरोध प्रदर्शन किसानों के पक्ष में सरकार के खिलाफ था। उनका कहना है कि वह खेती-किसानी वाली पृष्टभूमि से नाता रखते हैं। ऐसे में ट्रैक्टर उनका साधन है। वह इसी से संसद आएंगे और इसके लिए स्पीकर से भी बात करेंगे।
जानकारी के अनुसार चौटाला को ट्रैक्टर पर संसद के आसपास देख वहां मौजूद लोगों और अन्य अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए थे। पुलिस उन पर ऐसा करने के लिए दो हजार रुपए तक का जुर्माना भी लगा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक राजपत्र (गैजेट) जारी किया है, जिसमें ट्रैक्टर को ट्रांसपोर्ट व्हीकल में शामिल किया गया है। फिर वह ट्रैक्टर से संसद क्यों नहीं जा सकते? सरकार का यह निर्णय किसानों के खिलाफ है। किसानों को इसके बाद ट्रैक्टर का भी टोल टैक्स देना पड़ेगा। वे इससे पहले इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी मिल चुके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि किसान का साधन ट्रैक्टर है। सरकार ने जो राजपत्र निकाला है, उसके खिलाफ यह विरोध है। सरकार को उसे वापस लेना चाहिए। अगर उसे वापस नहीं लिया, तो वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। शुक्रवार को स्पीकर से मिलकर वे मांग करेंगे कि सांसदों को अपना साधन लाएंगे।
Created On :   15 Dec 2017 5:53 PM IST