'वो लड़की थी', यही बात मौत का कारण बन गई डेढ़ साल की बच्ची के लिए

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाप-बेटी का रिश्ता एक ऐसी डोर से बंधा होता है। जिसमें प्यार, दुलार के अलावा बाकी किसी चीज की कोई जगह ही नहीं होती है। एक पिता अपनी बेटी की खुशी और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करता है। लेकिन जब एक पिता ही अपनी बेटी के लिए भक्षक बन जाए तो आप क्या कहेंगे। दिल्ली के जामिया नगर के शर्मा विहार में रहने वाले राशिद खान ने 19 सिंतम्बर की रात अपनी डेढ साल की सोती हुई बच्ची को फर्श पर पटक-पटककर मार दिया। इसके बाद भी उसका दिल नहीं पसीजा तो वो अपनी खून से लतपत बेटी को यमुना में फेंक आया। वारदात के 56 घंटे बाद आखिरकार पुलिस ने बच्ची के शव को यमुना से निकाल लिया। शव यमुना में एक जगह लगाए गए जाल में अटका हुआ था। बच्ची की मां और आरोपी की बीवी की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि राशिद ने बच्ची को इसलिए मार दिया कि वह लड़की थी और वह बीमार रहती थी।
शराब के नशे में बीवी से हुआ था झगड़ा
रूह को झंझोर देने वाली ये घटना साउथ-ईस्ट दिल्ली के जामिया नगर थाना इलाके में 19 सितंबर की देर रात घटी। डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम राशिद जमाल(40) है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राशिद शाहीन बाग के शर्मा विहार इलाके में रहता है। 19 सितंबर की रात को आरोपी शराब पीकर घर आया। घर आने पर पत्नी मोफिदा बेगम के साथ किसी बात पर कहा सुनी हो गई। बताया गया है कि इसी दौरान उसने अपनी डेढ़ साल की सोती हुई बेटी रेशमा खातून को उठा लिया। इससे पहले कि बेगम कुछ समझ पाती, आरोपी ने अपनी बेटी को कई बार फर्श पर पटका। जब उसे रोकने की कोशिश की गई तो वह खून से लथपथ बेटी को अपने साथ लेकर घर से भाग गया और यमुना में फेंक दिया। इस मामले में आरोपी की पत्नी मोफिदा बेगम ने पुलिस को 100 नंबर पर कॉल कर जानकारी दी।
मौके पर आई पुलिस ने आरोपी राशिद जमाल की तलाश की। एक जगह यह नशे में धुत हालत में मिल गया लेकिन पुलिस के बच्ची के बारे में काफी पूछने के बावजूद उसने कुछ नहीं बताया। इसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड की भी मदद लेते हुए आसपास के नालों और यमुना में बच्ची की तलाश शुरू की। 56 घंटे बाद बच्ची का शव गोताखोरों को यमुना के जाल में अटका हुआ मिला। आरोपी मजदूरी करके अपना घर चलाता था। मूलरूप से यह असम का रहने वाला है। वहां भी इसने दो शादी कर रखी हैं।
Created On :   22 Sept 2017 10:27 AM IST