भारत की आधार व्यवस्था से इम्प्रेस हुआ मोरक्को, खुद भी करेगा लागू

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में आधार एक जरूरी दस्तावेज बन गया है। अब सरकार इसे मोबाइल नंबर और बैंक खाते से भी लिंक करने पर जोर दे रही है। भारत के इस दस्तावेज से अफ्रीका का एक देश इतना प्रभावित हुआ कि अब वो भी आधार व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अफ्रीका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में से एक मोरक्को अपनी अर्थव्यवस्था में नागरिकों के लिए विभिन्न सेवाओं को आधार की मदद लेगा। भारत में आधार की सफलता के बाद मोरक्को ने ये फैसला लिया है। आधार को लेकर मोरक्को ने एक स्टडी करने के लिए अपने आंतरिक मंत्री नूरुद्दीन बोतायब के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजा था, जो यहां 10 दिनों तक यहां था। इस स्टडी का मकसद आधार लिंक करने की प्रक्रिया को समझाना था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोरक्को से आए प्रतिनिधिमंडल 10 दिन तक भारत में थे। उनका दौरा 6 नवंबर को खत्म हुआ। यहां प्रतिनिधिमंडल ने आधार, अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क और सिस्टम (सीसीटीएनएस) के भारतीय अनुभव और डीबीटी, गैस सब्सिडी और डिजिटलीकृत बैंकिंग सिस्टम जैसे लाभों के बारे में अध्ययन किया।
मोदी सरकार के कार्यों को सराहा
प्रतिनिधिमंडल ने गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू और अन्य अधिकारियों के साथ बात की थी। नूरुद्दीन बोतायब ने विभिन्न संस्कृतियों वाले और इतनी बड़ी आबादी होने के बावजूद इतनी कम अवधि में आधार को लागू करने के लिए भारत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोरक्को भारत के सामाजिक-आर्थिक मॉडल पर आधारित स्कीमों को लागू करने की तैयारी में है। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य ये जानना और सीखना है कि मोदी सरकार के जरिए सामाजिक-आर्थिक सुधारों के साथ भारत कैसे विकसित हुआ।
मोरक्को के मंत्री की यात्रा में आतंकवाद के खिलाफ पार्टनरशिप और कट्टरपंथियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी फोकस रहा। अधिकारियों के मुताबिक, नूरुद्दीन ने रिजिजू से कहा कि मोरक्को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में उत्तर अफ्रीका में भारत के लिए अहम पार्टनर के तौर पर उभर रहा है और वो अपने अनुभव भारत के साथ बांटेगा। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों मंत्रियों ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को बढ़ाने का फैसला किया। बहुत कम लोग जानते हैं कि मोरक्को ने इस रीजन के इमाम के लिए मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम चलाया है और ये इंटेलिजेंस उपकरणों से लैस है, जो यूरोपीय देशों से सूचनाएं साझा करता है।
Created On :   14 Nov 2017 11:48 AM IST