राष्ट्रपति कोविंद ने दिए पद्म पुरस्कार, गौतम गंभीर और मनोज बाजपेयी पद्म श्री से सम्मानित

राष्ट्रपति कोविंद ने दिए पद्म पुरस्कार, गौतम गंभीर और मनोज बाजपेयी पद्म श्री से सम्मानित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में देश के प्रतिष्ठित लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। पद्म पुरस्कारों के लिए इस साल 112 हस्तियों को चुना गया था। जिसकी घोषणा गणतंत्र दिवस पर की गई थी। बता दें कि इससे पहले 11 मार्च को राष्ट्रपति कोविंद ने एक पद्म विभूषण, आठ पद्म भूषण और 46 पद्मश्री पुरस्कार दिए थे।  
 

 

शनिवार को राष्ट्रपति कोविंद ने भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को क्रिकेट जगत में उत्कृष्ट काम के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया। वहीं भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री को भी राष्ट्रपति ने पद्मश्री से सम्मानित किया।
 

 

वरिष्ठ वकील एचएस फुल्का, तीरंदाज बोम्बायला देवी लैशराम, कला, संगीत एवं तबला के क्षेत्र में स्वपन चौधरी, फिल्म अभिनेता मनोज वाजपेयी को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। ओडिशा के कटक के चाय विक्रेता डी प्रकाश राव और बास्केटबॉल प्लेयर प्रशांति सिंह को राष्ट्रपति ने पद्मश्री अवॉर्ड दिया।

 


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पर्वतारोही बछेंद्री पाल, एमडीएच मसाले के मालिक महाशय धर्मपाल गुलाटी को पद्म भूषण सम्मान दिया। राष्ट्रपति कोविंद ने इसरो के वैज्ञानिक रहे नंबी नारायण को भी पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया।

 

 


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में लोकगायिका तीजन बाई को पद्म विभूषण सम्मान प्रदान किया।

 

 

गौरतलब है कि इससे पहले 11 मार्च को शंकर महादेवन नारायण को पद्म श्री, लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा को पद्म भूषण, डॉक्टर संदीप गुलेरिया, इलियास अली और पहलवान बजरंग पुनिया को पद्म श्री से नवाजा गया था। पत्रकार कुलदीप नैयर मरणोपरांत पद्म पुरस्कार दिया गया था। इनके अलावा बिहार के नेता हुकुमदेव नारायण यादव को पद्म भूषण, बहुराष्ट्रीय तकनीकी कंपनी सिस्को सिस्टम के पूर्व सीईओ जॉन चैम्बर्स को पद्म भूषण और डांसर एवं फिल्म निर्देशक प्रभु देवा को पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

Created On :   16 March 2019 7:12 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story