मुंबई में शिवसेना नेता की हत्या, दोस्त से मिलकर घर लौट रहे थे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के कांदीवली इलाके में शिवसेना नेता की हत्या से हंगामा मच गया है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात बाइक सवार लोगों ने शिवसेना नेता अशोक सावंत पर धारदार हथियार से हमला किया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। अशोक सावंत समता नगर से दो बार शिवसेना की तरफ से पार्षद भी रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
दोस्त से मिलकर घर लौट रहे थे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व पार्षद अशोक सावंत रविवार रात को अपने दोस्त से मिलकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रात को जब वो अपने दोस्त के घर से लौट रहे थे, तभी कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों से सावंत पर कई वार किए, जिसके बाद वो बुरी तरह घायल हो गए थे।
घर से 200 मीटर दूरी पर थे सावंत
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अशोक सावंत 10:45 बजे दोस्त के घर से लौट रहे थे। रात को सावंत अपने घर से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर थे, तभी बाइक सवार दो लोगों ने सावंत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कहा जा रहा है कि हमलावरों ने सावंत पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वो घायल हो गए। इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
इंतजार कर रहे थे हमलावर
मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि हमलावर अशोक सावंत का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि बाइस पर दो हमलावर अशोक सावंत के घर के बाहर उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही अशोक सावंत अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार किए और वहां से भाग निकले। इसके बाद घायल हालत में अशोक को समता नगर के एक हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने केस किया दर्ज
अशोक सावंत की हत्या के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जांच के लिए सैंपल इकठ्ठा कर लिए हैं और उन्हें फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। साथ ही दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आईपीसी के सेक्शन-302 के तहत केस भी दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इलाके के पास की सीसीटीवी फुटेज भी मांगी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
Created On :   8 Jan 2018 8:51 AM IST