हिमाचल में शून्य से 17 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान, देश के अन्य राज्य भी ठिठुरे

हिमाचल में शून्य से 17 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान, देश के अन्य राज्य भी ठिठुरे
हाईलाइट
  • दिल्ली में कोहरे के कारण ट्रेनें लेट
  • द्रास में माइनस 28.7 तापमान रिकॉर्ड
  • मप्र
  • उप्र और राज्स्थान में बढ़ी ठिठुरन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश समेत कश्मीर में रविवार को एक ​बार फिर से जबरदस्त बर्फबारी हुई। हिमाचल के शिमला समेत सूबे के 11 शहरों का पारा शून्य और उससे नीचे लुढ़क गया है। लाहौल स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग का पारा माइनस 17 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी 2008 के बाद पहली बार न्यूनतम तापमान इतना लुढ़का है। वहीं लद्दाख के द्रास में सबसे कम तापमान माइनस 28.7 रिकॉर्ड किया गया, जो कि देश में सबसे कम तापमान है।   

बर्फबारी व बारिश की संभावना
हिमाचल के अलग-अलग इलाकों में अगले 24 घंटों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई। शिमला के पास के इलाके जैसे कुफरी और नारकंडा और मनाली और डलहौजी जबरदस्त बर्फबारी हुई है। किन्नौर जिले के कल्पा का न्यूनतम तापमान -5.2, मनाली का -5, कुफरी का -4.2, डलहौजी का -1.5, पालमपुर का 0.5 और धर्मशाला का 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में 29 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके कारण और बर्फबारी व बारिश की संभावना है।

दिल्ली में कोहरे का कहर
बर्फबारी का असर पूरे देशभर में दिखाई दे रहा है। जहां कई राज्यों में ठिठुरा देने वाली ​कड़ाके की ठंड पड़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने दो से तीन दिन में यहां तापमान और गिरने की संभावना जताई है।

 

सोमवार को दिल्ली में कोहरे का कहर नजर आया। यहां कोहरे के कारण सोमवार को भी 16 ट्रेन निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग की मानेंं तो दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज दिन भर आसमान साफ रहेगा। वहीं दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कुछ क्षेत्रों में काफी खराब दर्ज किया गया।

मप्र में बढ़ी ठिठुरन
मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान में बर्फबारी का असर दिखाई दे रहा है। यहां सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मध्यप्रदेश में भी एक बार फिर से कड़ाके की ठंड देखी जा रही है। प्रेदेश में खजुराहो, नौगांव, दतिया और बैतूल में सबसे कम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी भोपाल में न्यूनतम तामपान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। 


 

Created On :   28 Jan 2019 4:56 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story