भोपाल के पास फिर निकली बाघिन, रातभर दुबके रहे कर्मचारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के नजदीक ही समरधा के जंगल में एक बार फिर बाघिन T-123 सक्रिय हो गई। बुधवार देर रात मेंडोरा गांव के नजदीक वन विभाग की झोपड़ी के पास उसने जमकर दहाड़ लगाई। दहाड़ सुनकर जंगल की सुरक्षा में लगे दो चौकीदार झोपड़ी में ही दुबक गए और सुबह होते ही भाग खड़े हुए। चौकीदारों ने अधिकारियों से कहा कि वे अब उस पाइंट पर काम नही करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि बुलमदर फार्म से केरवा चौकी मार्ग पर मेंडोरा गांव से 100 मीटर दूर जंगल में प्रवेश के लिए एक मुख्य गेट है। जहां रात्रिकालीन गश्ती करने वाले चौकीदार रवि कुशवाहा और भगवत सिंह रांउड लगाने के बाद सुबह 3 बजे झोपड़ी में पहुंचे थे। तभी ये बाघिन दहाड़ने लगी और झोपड़ी के नजदीक पहुंच गई थी। कहा कि आम लोगों के लिए वन विभाग ने मोबाइल नंबर 9424790561 और 9424790553 जारी किया है। वन्यजीवों के दिखने पर इस नंबर पर मदद ले सकते हैं।
क्रेक और टाइगर पेट्रोलिंग टीम अलर्ट
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (IIFM) और भदभदा से सटी पुरानी झुग्गी बस्ती के आसपास दो दिन से तेंदुए की दहशत के बाद से वन विभाग की क्रेक और टाइगर पेट्रोलिंग टीम अलर्ट है। अब बाघिन के मेंडोरा के नजदीक पहुंचने के बाद वन विभाग ने राजधानी से सटी वन सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। रात्रि में लोगों को अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह से सावधान रहने की सलाह दी है।
समरधा रेंज के रेंजर अरविंद अहिरवार ने कहा कि जंगल में बाघिन का मूवमेंट है। उसकी सुरक्षा पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। लोगों को रात में अकेले बाहर न घूमने की सलाह दी है। क्रेक और पेट्रोलिंग टीम द्वारा चौकसी बढ़ा दी है।
Created On :   27 July 2017 1:01 PM IST