Noida Fire News: बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 की मौत, 50 परिवारों का रेस्क्यू, ममूरा गांव में बड़ा हादसा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। नोएडा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां ममूरा गांव में भीषण हादसा हो गया। एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से इलाके में हड़कंप मचा गया। बिल्डिंग में 50 परिवार रहते थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, 2 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जिनकी मौत की जानकारी मिली है। हादसे की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
VIDEO | Fire breaks out in a residential building in Mamura village in Noida. Rescue operations underway. More details are awaited.(Source: Third Party)(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/SpfsoCaow7— Press Trust of India (@PTI_News) July 15, 2026
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
ममूरा गांव की एक रिहायशी इमारत में आग लग गई। गौतम बुद्ध नगर के जॉइंट कमिश्नर राजीव नारायण ने बताया कि ममूरा गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। यह इलाका सेक्टर 66 और फेज-3 पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की और कम से कम समय में मौके पर पहुंची। आग बुझाने और बचाव कार्य के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, बचाव वाहन और सात फायर टेंडर तैनात किए गए। जिस इमारत में आग लगी, वह G+4 स्ट्रक्चर है और वहां लगभग 50 परिवार रहते हैं। सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग थी बेसमेंट नहीं। पार्किंग एरिया से धुआं ऊपर की ओर फैला जिससे वहां रहने वाले लोग प्रभावित हुए।
2 लोगों की हालत गंभीर
राजीव नारायण ने कहा कि धुएं के कारण जिन दो लोगों की हालत बिगड़ी उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। हम उनकी हालत के बारे में अपडेट देंगे। उन्हें अस्पताल ले जाया जा चुका है। हर फ्लोर पर लगभग पांच परिवार रहते हैं। और वहां करीब 12 कमरे हैं जिन्हें दो-कमरों वाले फ्लैट के तौर पर बनाया गया है। सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार बचाव कार्य किया गया।
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
जॉइंट कमिश्नर का कहना है कि शुरुआती जांच के अनुसार, ऐसा लगता है कि आग एक इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करते समय लगी। माना जा रहा है कि एक चिंगारी से आग लगी जो बाद में पास खड़ी पेट्रोल गाड़ियों तक फैल गई और यह घटना हुई। इस मामले में फेज-3 पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा रही है। इमारत के मालिक और लीजहोल्डर, दोनों को हिरासत में ले लिया गया है।
Created On :   15 July 2026 2:30 PM IST






