Bihar Protest: रेलवे ट्रैक पर बैठे छात्र-पथराव किया...पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर भारी बवाल, पुलिस की लाठीचार्ज के बाद काबू में माहौल

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को काफी हंगामा देखने को मिला। बिहार में मध निषेध विभाग की परीक्षा होने वाली थी जिसके लिए बड़ी संख्या में छात्र स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ छात्रों ने ट्रेन की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर ट्रेनें रोक दीं। हालात बिगड़ने पर पुलिस और रेलवे अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। बाद में पुलिस की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और ट्रेन सेवाएं फिर से सामान्य कर दी गईं।
यह भी पढ़े -'झूठे मामलों का बिल अब भी पेंडिंग है', TMC से कल्याण बनर्जी की नाराजगी पर बीजेपी का करारा तंज
स्पेशल ट्रेन की मांग को लेकर विरोध
स्टेशन पर मौजूद छात्रों ने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए स्पेशल ट्रेन की मांग की। अधिकारियों ने उनकी मांग को देखते हुए एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था भी की। लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग ट्रैक से हटने को तैयार नहीं हुए और विरोध जारी रखा।
पथराव और पुलिस की कार्रवाई
स्थिति ज्यादा बिगड़ने पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। आंसू गैस छोड़ी गई और लाठीचार्ज भी किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे भीड़ को हटाया गया और माहौल शांत हुआ।
अधिकारियों ने क्या कहा?
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया और हंगामा किया। कई बार समझाने के बाद भी वे नहीं माने। अधिकारियों के अनुसार, अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सभी ट्रेनें अपने समय पर चल रही हैं और परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए जरूरी व्यवस्था कर दी गई है।
Created On :   14 Jun 2026 10:01 AM IST












