UAE-India Relations: पीएम मोदी और यूएई प्रेसिडेंट के बीच फोन पर हुई बातचीत, कई मुद्दों पर हुई चर्चा? शेख मोहम्मद ने जन्मदिन की दी बधाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया। दोनों देशों के नेताओं के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई, इस दौरान UAE प्रेसिडेंट ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। दोनों देशों के नेताओं के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए नए कदमों पर भी चर्चा हुई। साथ ही भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर काफी देर तक बातचीत चली। मिली जानकारी के मुताबिक यूएई के राष्ट्रपति ने बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की गर्मजोशी भरी शुभकामनाएं भी दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटपॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि शेख मोहम्मद ने ऊर्जा, रक्षा, तकनीक, निवेश और स्वास्थ्य समेत कई अहम क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के नए प्रयासों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने अपनी ट्वीट पोस्ट में लिखा मेरे भाई UAE के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का फोन करने और जन्मदिन की शुभकामनाएँ देने के लिए मैं आभारी हूँ। उन्होंने आगे कहा हमने हमारी द्विपक्षीय 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। बातचीत में भारत और यूएई की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर रहा। यूएई के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत की उपलब्धियों पर भी बधाई दी।
Created On :   18 Sept 2026 5:43 PM IST












