CJP Protest: सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म होने के बाद भी जारी रहेगा प्रदर्शन? CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने किया साफ

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल खत्म होने के बाद भी जारी रहेगा प्रदर्शन? CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने किया साफ
26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने सरकार से मिले भरोसे पर अनशन खत्म किया। अभिजीत दीपके ने खुशी जताई लेकिन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर 26 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन खत्म कर दिया है। सरकार से बातचीत और मिले भरोसे के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। उनके अनशन खत्म करने पर अभिजीत दीपके ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने अपनी जान की परवाह किए बिना छात्रों की आवाज उठाई। साथ ही उन्होंने साफ किया कि कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन अभी जारी रहेगा। उनकी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।

सरकार से बातचीत के बाद खत्म किया अनशन

सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और जितेंद्र सिंह से बातचीत के बाद भूख हड़ताल खत्म की। दोनों मंत्री गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। यहां कई मुद्दों पर बातचीत हुई। सरकार की ओर से भरोसा दिया गया कि छात्रों और प्रदर्शन से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसके साथ ही, परीक्षा में पेपर लीक रोकने और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने का भरोसा भी दिया गया। नीट पेपर लीक से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को मदद देने के प्रस्ताव पर भी विचार करने की बात कही गई है।

अभिजीत दीपके बोले- जारी रहेगा शांतिपूर्ण प्रदर्शन

सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि 26 दिन बाद सोनम वांगचुक का अनशन खत्म होना राहत की बात है। उन्होंने उनकी हिम्मत और संघर्ष के लिए धन्यवाद दिया। दीपके ने कहा कि उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर देश का ध्यान छात्रों की समस्याओं की ओर खींचा। उन्होंने यह भी कहा कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा। यह प्रदर्शन तब तक चलाने की बात कही गई है जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते।

सोनम वांगचुक ने बताई अनशन खत्म करने की वजह

सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख एपेक्स बॉडी के नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने 26 दिन बाद अनशन खत्म किया। उन्होंने कहा कि लंबी बातचीत, सरकार से मिले भरोसे और हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके अनशन खत्म करने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोनम वांगचुक से डॉक्टरों की सलाह मानने और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की बात कही। साथ ही, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

Created On :   24 July 2026 9:36 AM IST

Next Story