UP News: राम मंदिर चढ़ावा मामले में आज बड़ा खुलासा संभव, SIT रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले की जांच अब आखिरी दौर में है। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) आज शाम तक अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को दे सकती है। जांच पूरी करने के लिए टीम को पहले से 15 दिन का अतिरिक्त समय मिला था और आज वही समय खत्म हो रहा है। माना जा रहा है कि रिपोर्ट में पूरे मामले की जानकारी होगी। यह भी बताया जा सकता है कि किसकी क्या जिम्मेदारी थी और आगे किस पर क्या कार्रवाई हो सकती है। अब सभी की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है।
आज सरकार को मिल सकती है जांच रिपोर्ट
एसआईटी ने कई दिनों तक इस मामले की जांच की है। अब उम्मीद है कि उसकी अंतिम रिपोर्ट आज सरकार को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद अधिकारी उसकी जांच करेंगे। इसके आधार पर आगे कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए जा सकते हैं। अगर रिपोर्ट समय पर नहीं दी गई तो जांच टीम सरकार से कुछ और समय भी मांग सकती है।
रिपोर्ट के बाद बढ़ सकती है आरोपियों की मुश्किल
जानकारी के अनुसार, रिपोर्ट में यह साफ किया जा सकता है कि इस मामले में किसकी क्या भूमिका रही? जिन लोगों पर आरोप हैं उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। आरोपी लवकुश के मकान (जिसका काम जारी है) को लेकर भी अयोध्या विकास प्राधिकरण ने नोटिस दिया है। जरूरी दस्तावेज नहीं देने पर आगे सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
योगी और अमित शाह की मुलाकात पर भी नजर
रिपोर्ट आने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई। इस बैठक के कई मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि राम मंदिर से जुड़े मामलों और आगे की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई होगी। हालांकि, बैठक में क्या बात हुई इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Created On :   15 July 2026 11:31 AM IST






