Bhopal Cyber Fraud Case: डॉक्टर का नंबर गूगल पर सर्च करना पड़ा भारी! अपॉइंटमेंट के लिए APK डाउनलोड किया, खाते से उड़ गए 7.12 लाख रुपये

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को आवेदन देकर फर्जी डॉक्टर अपॉइंटमेंट APK फाइल के जरिए करीब 7.12 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने की शिकायत की है। पीड़ित ने बैंक खातों को ब्लॉक कराने के साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग की है।
गूगल पर सर्च किया था नंबर
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित ने 3 अक्टूबर 2026 को डॉक्टर को दिखाने के लिए गूगल पर मोबाइल नंबर सर्च किया था। सर्च के दौरान मिले नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने की बात कही। इसके बाद सुबह करीब 9:02 बजे उसे WhatsApp के जरिए Appointment.apk नाम की एक फाइल भेजी गई। आरोपी ने +91 62919-05886 मोबाइल नंबर से एप्लीकेशन भेजी थी।
टोकन के लिए भुगतान करने की कोशिश
आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने पीड़ित से फाइल डाउनलोड करने और जरूरी परमिशन देने को कहा। अनजान व्यक्ति की बातों में आकर पीड़ित ने APK फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद आरोपी ने अपॉइंटमेंट टोकन जारी करने के नाम पर 5 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने को कहा। पीड़ित ने भुगतान का प्रयास किया, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो गया।
इसके बाद आरोपी ने दोपहर करीब 12:30 बजे पीड़ित को सीधे क्लिनिक आने के लिए कहा। पीड़ित ने APK फाइल डिलीट कर दी और खुद डॉक्टर के पास जाकर जांच कराई तथा Google Pay के जरिए डॉक्टर की फीस का भुगतान किया।
18 बार किया पेमेंट
शिकायत के अनुसार, 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच पीड़ित के बैंक खातों से बिना उसकी सहमति और OTP के कुल 18 ट्रांजेक्शन किए गए। अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कर करीब 7,12,000 रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद पीड़ित ने बैंक से संपर्क कर खाते ब्लॉक करवाए और हनुमानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर ठगी की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Created On :   6 Oct 2026 10:41 PM IST














