सोशल मीडिया पर पाबंदी का दावा: सोनम वांगचुक हाउस अरेस्ट? घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात, अभिजीत दीपके ने सरकार को घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दावा करते हुए कहा कि उन्हें लद्दाख स्थित उनके ही घर में हाउस अरेस्ट करके रखा गया है। उन्होंने बताया कि उनके घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनका कहना है कि इससे ऐसा लग रहा है कि 2029 से पहले सरकार हर किसी को नजरबंद करने, हाउस अरेस्ट करने, हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने वाली है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी पाबंदियां लगाने वाली है।
वांगचुक को लेकर क्या कहा?
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। इसे रीपोस्ट करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा, "मैं सोनम वांगचुक के समर्थन में खड़ा हूं, जिन्होंने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान इसी तानाशाही के खिलाफ देश को जगाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा दी थी।"
यह भी पढ़े -विरोध प्रदर्शनों को वेक-अप कॉल माने सरकार, शिक्षा व्यवस्था में सक्रिय रूप से लागू करे सुधार गीतांजलि आंग्मो (आईएएनएस इंटरव्यू)
सोनम वांगचुक ने क्या बताया?
सोनम वांगचुक ने एक्स पर वीडियो जारी किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "मुझे घर में नजरबंद कर दिया गया है। दर्जनों हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों ने मेरे घर को घेर रखा है, जबकि सरकार की तरफ से कहा जा रहा है कि मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है। सिर्फ इसलिए कि मैंने कुछ असहज सवाल पूछे हैं, जैसे कि पिछले साल लेह में हुई हत्याओं को लेकर न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है?
उनका आगे कहना है, "और सर्दियों के बीच इतनी जल्दबाजी में लोगों पर फर्जी काउंसिल चुनाव क्यों थोपा जा रहा है? पूरा लद्दाख विरोध प्रदर्शन कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मेरे एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब की पहुंच को बेहद कम कर दिया गया है। कृपया इस संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद करें।"
Created On :  

