Delhi CJP Protest: दिल्ली में सीजेपी के आंदोलन पर सोनम वांगचुक का बयान, बताया क्यों नहीं होंगे शामिल

दिल्ली में सीजेपी के आंदोलन पर सोनम वांगचुक का बयान, बताया क्यों नहीं होंगे शामिल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वाली है। इस पर जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की प्रतिक्रिया सामने आई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वाली है। इस पर जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने बताया कि वह पार्टी के इस प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने सरकार की ओर से की जा रही घेराबंदी को लेकर कहा कि उनके काम में रुकावट डालने और नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वह देश की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे।

दिल्ली प्रदर्शन पर क्या कहा?

सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उनका कहना है, "हमसे बहुत लोगों ने पूछा कि आप कहां हैं? दिल्ली में संघर्ष में क्यों नहीं हैं? मैं उन सबकी दाद देता हूं, जो जुटे हुए हैं। समस्याएं सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि प्राकृतिक भी हैं।" उन्होंने आगे फैज अहमद फैज की पंक्तियों को याद करते हुए कहा, "और भी गम हैं जमाने में मोहब्बत के सिवा। या मैं कहूं, और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा, राहतें और भी हैं वस्ल की राहतों के सिवा।"

प्राकृतिक आपदाओं पर दी प्रतिक्रिया

जलवायु कार्यकर्ता का आगे कहना है, "प्राकृतिक आपदाओं से जूझने के लिए भी राहत की जरूरत है। मुझसे पहली सी मोहब्बत मेरे महबूब न मांग। पहले की तरह इस बार शायद मैं न आ पाऊं, क्योंकि पहले जब चूल्हे में आग जलानी होती है, तो माचिस की तीली की जरूरत पड़ती है और जब चूल्हा जलने लगता है, तो खाना पकने लगता है। मुझे उम्मीद है कि आप सब राजनीतिक समस्याओं से भिड़ेंगे और यहां हम प्राकृतिक आपदाओं से लड़ेंगे।"

प्रदर्शनकारियों से क्या कहा?

वांगचुक ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, "डटकर मुकाबला कीजिए। जो नेतृत्व करने वाले हैं, उनसे कहूंगा कि वे एकजुट होकर संघर्ष कीजिएगा। एकता में बल है। अलग-अलग खेमों और गुटों में बंटकर नहीं, बल्कि एकजुट होकर संघर्ष कीजिएगा। युवा शांति का दामन कभी न छोड़ें। कोई भी आपदा आए, शांति बनाए रखें। जीत आपकी ही होगी और अगर चूल्हा बुझ जाए, तो हमें याद कीजिएगा।"

Created On :   9 Oct 2026 10:53 PM IST

Tags

Next Story