Delhi CJP Protest: दिल्ली में प्रदर्शन से पहले हाई अलर्ट, इंटरनेट बंद, सड़कों पर भारी पुलिस बल, इस बीच सीजेपी ने जारी किया फाइनल कॉल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन होने वाला है। इससे पहले पूरी राजधानी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। दिल्ली पहुंचने वाली सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यहां तक कि सरकार को BNS की धारा 163 भी लागू करनी पड़ गई है। पुलिस कॉलोनियों में पहुंचकर अभिभावकों को चेतावनी दे रही है कि वे अपने बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। बताते चलें कि सीजेपी के यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर होने वाला है।
यह भी पढ़े -सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल, बीजेपी और ज्ञानेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली में कब तक बंद रहेंगी इंटरनेट सेवाएं?
CJP के प्रदर्शन से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इंटरनेट बंद करने का आदेश जारी किया है। इसमें बताया गया है कि जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास 4 किलोमीटर के दायरे में अस्थायी रूप से इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। यह आदेश 9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक लागू रहेगा। इसके लिए पुलिस ने एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और MTNL को निर्देश जारी कर दिए हैं।
दिल्ली पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ ही लोगों से अपील कर रही है कि वे अपने बच्चों को 10 अक्टूबर को होने वाले CJP के प्रदर्शन में शामिल न होने दें। पुलिस ने अपने संदेश में कहा कि लोग अपने दोस्तों, परिवार और बच्चों को सलाह दें कि वे बिना किसी कारण भीड़ या प्रदर्शन का हिस्सा न बनें।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा, 26 हजार से ज्यादा CAPF जवानों को राजधानी के अलग-अलग इलाकों में ड्यूटी पर लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जंतर-मंतर पर किसी भी विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। इसके चलते इलाके के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। साथ ही, पुलिस ने BNS की धारा 163 लागू कर दी है।
यह भी पढ़े -CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के खिलाफ अभिजीत दीपके ने खोला मोर्चा, एडोल्फ हिटलर का किया जिक्र, 'वन नेशन वन इलेक्शन' की बताई डेफिनेशन
कई मेट्रो स्टेशन बंद
राजधानी में चलने वाली मेट्रो के 27 स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। इनमें खासकर जंतर-मंतर पहुंचने वाले स्टेशन शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा, "मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।"
पाबंदियों के बीच CJP का फाइनल कॉल
सरकार की पाबंदियों के बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदर्शन के लिए अंतिम अपील जारी की है। इस दौरान उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार Gen Z से डरती है।" उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने देश में आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। पार्टी ने पोस्टर जारी कर बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटें, ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके।
Created On :   9 Oct 2026 8:33 PM IST












