25 Years Of Uttarakhand: उत्तराखंड की स्थापना के 25 साल पूरे, राष्ट्रपति मुर्मू- पीएम मोदी और शाह ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

उत्तराखंड की स्थापना को 25 साल पूरे होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दी हैं। सभी दिग्गजों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए अपनी बात कही।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड की स्थापना को 25 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने शुभकामनाएं दी हैं। सभी दिग्गजों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए अपनी बात कही। तो चलिए जानते हैं सबने क्या कहा?

प्रेसिडेंट ने क्या कहा?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर वीर-प्रसवा देव-भूमि उत्तराखंड के सभी निवासियों को मैं हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। हमारे देश की गौरवशाली आध्यात्मिक-सांस्कृतिक यात्रा में उत्तराखंड के क्षेत्र का योगदान अतुलनीय रहा है। विगत 25 वर्षों के दौरान राज्य के कर्मठ और विनम्र लोगों ने आधुनिक विकास के नए आयाम रचे हैं। मैं उत्तराखंड के सभी निवासियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना करती हूं।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

गृह मंत्री का पोस्ट

अमित शाह ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक वैभव और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण यह पवित्र भूमि पूरे राष्ट्र की आस्था का केंद्र है। देश की सुरक्षा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण में सदैव अग्रणी उत्तराखंड सुशासन और लोककल्याण की जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, उसे और गति व शक्ति मिले, बाबा केदार से यह प्रार्थना करता हूं।

Created On :   9 Nov 2025 10:40 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story