मौसम अपडेट: झारखंड-उत्तराखंड सहित 15 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश के साथ 80 KM की रफ्तार से चलेगी आंधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की बारिश जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी 24 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार समेत करीब 15 राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। पूर्वी राज्यों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। यहां तेज बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा है।
झारखंड में बारिश के साथ तेज आंधी का अलर्ट
झारखंड में 24 और 25 जुलाई को कई जगह मौसम खराब रहने की संभावना है। रांची, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला, पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ जगह ओले भी गिर सकते हैं। रांची में आज अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में तेज बारिश, पहाड़ों पर संभलकर करें सफर
उत्तराखंड में भी 24 जुलाई को बारिश और तेज आंधी की चेतावनी है। बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग समेत कई इलाकों में मौसम खराब हो सकता है। कुछ जगह हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी इलाकों में जाने वाले लोगों को खास सावधानी रखने की जरूरत है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति, चंबा और कांगड़ा में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। इस दौरान 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Created On :   24 July 2026 8:47 AM IST












