मौसम अपडेट: दिल्ली से ओडिशा तक मौसम का बड़ा कहर, 12 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है। इसका असर उत्तर और पूर्व भारत के कई इलाकों में देखने को मिलेगा। लोगों से सावधानी रखने की अपील की गई है। समुद्र किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, असम के कई इलाकों में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन 12 राज्यों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। कई जगह 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। लोगों से जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में भारी बारिश का खतरा
बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र और मजबूत हो रहा है। इसके कारण ओडिशा के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। कुछ जगह बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल और ढेंकनाल में लोगों को ज्यादा सावधान रहने को कहा गया है।
पश्चिम बंगाल और असम में भी असर
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चल सकती है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्दवान, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं असम के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई परिवारों के घरों में पानी भर गया है और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है।
Created On :   27 July 2026 8:41 AM IST












