मौसम अपडेट: मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे आसार, भारत के अधिकांश राज्यों में भारी बारिश से तबाही, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर के मौसम का हाल?

- पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश का दौर
- मैदानी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
- मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के सभी राज्यों में मानसून ने एंट्री ले ली है। देशभर में मानसून से लोग परेशान हैं। झारखंड में मंगलवार को तेज बारिश के चलते बिजली गिरी थी, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई थी। ऐसे ही देशभर में एक तरफ बारिश किसानों और लोगों के लिए राहत बनी हुई है तो दूसरी तरफ बारिश एक आफत बनी हुई है। मौसम विभाग की तरफ से उत्तर से लेकर पश्चिम तक सभी राज्यों में आने वाले चार-पांच दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश
आने वाले चार पांच दिनों में पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। अब तक हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बनी हुई है, जिसमें 74 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 34 लोग लापता हैं। राज्य में 435 सड़कें भी बंद हैं। हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक भारी बारिश हो रही है। जम्मू के राजोरी के एक शिविर की 10 फीट ऊंची दीवार गिर गई है। कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है और तो और नदियां-नालें भी उफान पर हैं।
महाराष्ट्र में झमाझम बरसात
महाराष्ट्र के कोंकण, घाट इलाकों और रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधूदुर्ग जिलों में ऑरेंज अलर्ट देखने को मिल रहा है। मुंबई, पालघर, ठाणे के साथ कई अन्य स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल रही है। महाराष्ट्र के अधिकतर स्थानों पर झमाझम बारिश हो रही है। ऐसा सिलसिला आने वाले चार पांच दिनों तक देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में यातायात प्रभावित
दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। जिसके चलते सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर पानी भर जाने से ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियां हो रही हैं। एक तरफ गर्मी से राहत मिल रही है तो दूसरी तरफ ऑफिस जाने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है। साथ ही दिल्लीवासियों को सावधान रहने के लिए कहा गया है।
किन राज्यों भारी बारिश के आसार?
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अधिकांश राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। जिसमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर जैसे कई राज्य शामिल हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, कर्नाटक, केरल, राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा जैसे राज्यों में भारी बारिश होगी। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, दिल्ली के अलावा कई अन्य राज्यों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़े -वित्त वर्ष 2024-25 में भारत के कोयला आयात में आई 20.91 मिलियन टन की कमी केंद्रीय मंत्री
Created On :   23 July 2025 11:29 AM IST