मौसम अपडेट: मानसून की विदाई से पहले फिर बिगड़ा मौसम, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, आंधी की भी चेतावनी

मानसून की विदाई से पहले फिर बिगड़ा मौसम, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, आंधी की भी चेतावनी
आज कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा है। दिल्ली, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून अब धीरे-धीरे देश से विदा हो रहा है लेकिन बारिश का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने आज (24 सितंबर) दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी हिस्सों में बिजली गिरने और गरज-चमक का खतरा भी बताया गया है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की संभावना जताई जा रही है। समुद्र में जाने वाले मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचने को कहा गया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी के आसपास भी मौसम खराब होने के आसार हैं।

दिल्ली में बारिश के साथ तेज हवा

आपको बता दें कि, दिल्ली में 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है। 24 सितंबर की शाम से मौसम बदलने के आसार हैं। इस दौरान हवा करीब 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।

हिमाचल के कई जिलों में भारी बारिश

वहीं, हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति और सोलन में तेज बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मनाली में दिन का तापमान करीब 12 डिग्री और रात का तापमान 2 डिग्री रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ बारिश

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के रियासी, राजौरी, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर, किश्तवाड़, गांदरबल, शोपियां और अनंतनाग में बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज और बिजली चमकने की भी संभावना है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। श्रीनगर में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रह सकता है।

Created On :   24 Sept 2026 8:27 AM IST

Tags

Next Story