मौसम अपडेट: अक्टूबर के आखिरी दिन आसमान से आफत! यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तूफानी हवाओं का भी अलर्ट

अक्टूबर के आखिरी दिन आसमान से आफत! यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तूफानी हवाओं का भी अलर्ट
आज यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 16 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। तेज हवाओं, बिजली गिरने, फसल खराब होने और पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून भले ही जा चुका है लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है। मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर के लिए 16 राज्यों में अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में तेज बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बता दें, बिहार, झारखंड, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। पूर्वी भारत में ठंड भी बढ़ सकती है। वहीं, पहाड़ों पर भूस्खलन और कई राज्यों में बिजली गिरने का खतरा है।

16 राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात में बारिश हो सकती है।

वहीं, कई जगहों पर तेज हवाएं भी चलेंगी। इनकी रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। खराब मौसम का असर खेतों में खड़ी फसलों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को नुकसान होने की चिंता है।

यूपी के इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

बताया जा रहा है कि, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 30 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोंडा, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, संतकबीर नगर, बलिया, सीतापुर, मैनपुरी, पीलीभीत, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। वहीं, लखनऊ में दिन का तापमान करीब 24 डिग्री और रात का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बिहार के 20 जिलों में भारी बारिश की संभावना

आपको बता दें कि, बिहार में भी मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। इनमें बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, गया, पटना, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, मुंगेर, बांका, भागलपुर, कैमूर, नवादा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Created On :  

Tags

Next Story