मौसम अपडेट: मानसून की विदाई के बीच मौसम ने बदला रंग, दिल्ली-एमपी समेत 15 राज्यों में बारिश की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून अब धीरे-धीरे विदाई ले रहा है लेकिन बारिश का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सुबह और शाम मौसम में हल्की ठंड महसूस होने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली समेत 15 राज्यों में कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में आंधी भी परेशान कर सकती है। हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है।
यह भी पढ़े -पंजाब में सीबीआई जांच पर सियासत तेज, भाजपा ने कहा- केंद्र ने नहीं भेजी सीबीआई, हाईकोर्ट के आदेश पर हुई एफआईआर
मौसम बदलने की क्या है वजह?
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके अलावा कर्नाटक के तटीय इलाके के पास चक्रवाती हवाओं का सिस्टम बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कम दबाव का क्षेत्र बना है। इन बदलावों के कारण कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
इन 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, सिक्किम, ओडिशा और असम के लिए चेतावनी जारी की है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण रास्तों पर परेशानी बढ़ सकती है।
यह भी पढ़े -सीएम मोहन यादव के 'लाड़ली बहना बोझ' वाले बयान पर उमंग सिंघार बोले- बहनें बोझ नहीं सम्मान होती हैं
दिल्ली और MP का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली: 7 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। हवा करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।
मध्य प्रदेश: कटनी, जबलपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, इंदौर, मंडला और खंडवा में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है।
Created On :   7 Oct 2026 8:42 AM IST












