पंजाब न्यूज: शादी की खुशियां मातम में बदलीं! घर लौट रहे परिवार की क्रूजर पिकअप से भिड़ी, 3 बच्चों समेत 5 की मौत

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। प्रदेश के फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर स्थित गांव बहक खास के पास जोरदार सड़क हादसा हुआ। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 घायल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी समारोह से क्रूजर गाड़ी में कुछ लोग वापस लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
यह भी पढ़े -दिल्ली के पहाड़गंज में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल
मृतक के रिश्तेदार ने क्या बताया?
एक मृतक के रिश्तेदार संदीप सिंह का कहना है कि सभी लोग जलालाबाद के गांव टिवाना के रहने वाले थे। परिवार के करीब 13 सदस्य क्रूजर गाड़ी में सवार होकर फाजिल्का के गांव करनीखेड़ा में अपने चाचा के लड़के की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह खत्म होने के बाद वे वापस अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान हाईवे पर गांव बहक के पास उनकी गाड़ी की पिकअप से टक्कर हो गई। उन्होंने आगे बताया कि घटना इतनी भयानक थी कि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ड्राइवर समेत इन लोगों की मौत
संदीप सिंह ने आगे बताया कि मरने वालों में परिवार के दो बच्चों समेत चार सदस्य शामिल थे। इनमें उनकी भतीजी और भतीजा भी शामिल हैं। इनके अलावा परिवार की माता और ड्राइवर की भी मौत हो गई। साथ ही उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी सड़क सुरक्षा फोर्स को दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़े -असम सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार देने का किया ऐलान
अधिकारी ने दी जानकारी
घटनास्थल पर पहुंचे सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज आत्माराम ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है। इसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रूप से शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में कई लोगों की जान चली गई है। साथ ही कहा कि संबंधित पुलिस थाने को इसकी जानकारी दे दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने क्या कहा?
सरकारी अस्पताल के एसएमओ डॉक्टर एरिक ने बताया कि अस्पताल में उपचार के लिए कुल 14 लोगों को लाया गया। इनमें से 5 लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। मृतकों में तीन बच्चे शामिल थे, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है।
Created On :  

