Bihar News: 'अब कोई नहीं पूछता तो बिहारियों पर बोलते हैं', राज ठाकरे पर प्रशांत किशोर का तीखा हमला

अब कोई नहीं पूछता तो बिहारियों पर बोलते हैं, राज ठाकरे पर प्रशांत किशोर का तीखा हमला
छठ पर्व को लेकर दिए गए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे के बयान पर सियासत शुरू हो गई है। उनकी टिप्पणी पर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है।

डिजिटल डेस्क, पटना। छठ पर्व को लेकर दिए गए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) चीफ राज ठाकरे के बयान पर सियासत शुरू हो गई है। उनकी टिप्पणी पर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ठाकरे के बयान पर तंज कसते हुए उन्हें लंपट करार दिया है। साथ ही छठ को लोक आस्था का पर्व बताया है और इस पर राजनीति करने पर सवाल उठाए हैं।

प्रशांत किशोर का ठाकरे पर हमला

प्रशांत किशोर ने राज ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा, "जनता ने राज ठाकरे की राजनीति समाप्त कर दी है। सुर्खियों में रहने के लिए वो अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। ये आदमी राजनीति के लायक नहीं है।"

इससे पहले शनिवार यानी 14 नवंबर को जन सुराज विधायक ने ठाकरे पर हमला करते हुए कहा था कि उनके जैसे लोगों को कोई नहीं पूछता, तब वे उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल कर मीडिया में बने रहने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आगे कहा था, "राज ठाकरे का अपना कोई स्पष्ट राजनीतिक रुख नहीं है। उनका एकमात्र एजेंडा किसी भी तरह मीडिया में बने रहना है।"

छठ पूजा की तैयारियों पर क्या कहा?

पटना में हुई छठ पूजा की तैयारियों को लेकर प्रशांत किशोर ने टिप्पणी करते हुए कहा, "मेरी जिम्मेदारी है कि अपने बांकीपुर क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर जाऊं, व्रतियों और श्रद्धालुओं से मिलूं और शुभकामनाएं दूं। छठ पर लोगों के जीवन में खुशहाली आए, बिहार आगे बढ़े।"

उनका आगे कहना है कि पहली बार छठ पूजा के दिन पटना में साफ-सफाई दिखाई दे रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आम लोग इसके लिए संकल्पित हैं। उन्होंने आगे बताया कि डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यही बिहार की संस्कृति है। इसका मतलब होता है कि जिसका अस्त होता है, उसका अगले दिन उदय भी होता है।

Created On :  

Tags

Next Story