Bhopal News: दादा गुरुजी के आशीर्वचन से निकली सहस्त्रबाहु की भव्य शोभायात्रा, पक्ष-विपक्ष के नेता भी हुए शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भगवान श्री सहस्त्रबाहु जी के जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को राजधानी भोपाल में कल्चुरी समाज की ओर से भव्य वाहन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के हजारों लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। भेल दशहरा मैदान से शुरू हुई यह शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कल्चुरी भवन स्थित भगवान सहस्त्रबाहु मंदिर, एकांत पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान भगवान सहस्त्रबाहु के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
दादा गुरुजी के आशीर्वचन से हुआ शुभारंभ
शोभायात्रा का शुभारंभ परम श्रद्धेय दादा गुरुजी महाराज, मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग और कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. एलएन मालवीया ने भगवान सहस्त्रबाहु का पूजन-अर्चन और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर दादा गुरुजी महाराज ने उपस्थित समाजबंधुओं को आशीर्वचन दिए। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
पक्ष-विपक्ष के जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल
इस आयोजन में मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, भाजपा की प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, विधायक भगवानदास सबनानी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित पक्ष-विपक्ष के अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी की मौजूदगी ने सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
2 हजार चारपहिया और 1500 दोपहिया वाहन शामिल
कल्चुरी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. एलएन मालवीया ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 2 हजार चारपहिया वाहन, 1500 दोपहिया वाहन और कुल 7 हजार समाजबंधुओं की सहभागिता रही। उन्होंने इसे मध्य प्रदेश में भगवान सहस्त्रबाहु की अब तक की सबसे बड़ी शोभायात्रा बताया।
डॉ. मालवीया के अनुसार, शोभायात्रा का विस्तार इतना विशाल था कि एक समय इसका एक छोर भेल दशहरा मैदान पर था, जबकि दूसरा छोर गेमन मॉल तक पहुंच चुका था। विशाल वाहन काफिले के गुजरने के दौरान विभिन्न चौराहों पर यातायात को कुछ समय के लिए रोककर शोभायात्रा को आगे बढ़ाया गया।
17 स्वागत मंचों से हुआ भव्य स्वागत
शोभायात्रा के स्वागत के लिए पूरे मार्ग पर 17 स्वागत मंच बनाए गए थे। यहां विभिन्न समाजों और समुदायों के लोगों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया। आयोजन में एमएल राय, मनोहर चौकसे, विपिन चौकसे, प्रकाश राय, प्रदीप राय, संजय चौकसे, देवेंद्र चौकसे, सुदीप जायसवाल, राजाराम शिवहरे, पंकज चौकसे, अंबाड़ी से गजेंद्र चौकसे और वीरेंद्र 'पप्पू' राय सहित समाज के विभिन्न संगठनों के संयोजक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
भगवान सहस्त्रबाहु के प्रति अटूट आस्था, सामाजिक एकजुटता और उत्साह का संदेश देती यह भव्य शोभायात्रा कल्चुरी भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
Created On :  



