मान-मनुहार या बगावत? अब टूट की बारी?: टिकट कटा तो बदलेंगे पाला! AAP के नाराज विधायकों पर BJP-कांग्रेस की नजर, दोनों दलों ने बिछाया सियासी जाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। दो सूचियों में कुछ विधायकों के टिकट काटे गए है, पहली सूची के बाद तीन विधायकों ने आप से नाता तोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया, कुछ दिन पहले आई दूसरी सूची में भी कुछ मंत्री और विधायकों के नाम नहीं होने से उनके बीच नाराजगी है। टिकट कटने से नाराज आप विधायकों पर अब विपक्षी दल बीजेपी-कांग्रेस की नजर है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों दल ऐसे नाराज विधायकों को चुनाव से पहले अपने पाले में करने की कोशिश में जुचे हुए, इसके लिए सियासी छाल भी बिछाए जा रहे हैं। दोनों दलों के नेता इन विधायकों से संपर्क साध रहे हैं।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान ने 'विश्व पंजाबी सम्मेलन' के लिए CM भवगंत मान को भेजा निमंत्रण, MEA ने इशारों में क्या कह दिया? जानें
पंजाब की सियासत में AAP की ओर से उम्मीदवारों की दो सूचियां जारी होने के बाद हलचल तेज हो गई है। आप अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। इनमें एक मंत्री और दो पूर्व मंत्रियों समेत 7 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। टिकट कटने से नाराज नेताओं पर भाजपा और कांग्रेस की नजर है। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी आप के कुछ और नेताओं के भाजपा में शामिल होने के संकेत दिए हैं। ऐसे में टिकट वितरण से उपजी नाराजगी चुनाव से पहले पार्टी के लिए चुनौती बन सकती है।
टिकट कटने वालों में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां प्रमुख हैं। उनकी जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को टिकट दिया गया है। खुड्डियां ने 2022 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को 11,396 वोटों से हराया था। उनकी बीजेपी से बढ़ती नजदीकियों और निजी संबंधों को राजनीतिक चर्चा से जोड़ा जा रहा है, हालांकि उन्होंने इसे टिकट कटने की वजह मानने से इनकार किया है।
इसके अलावा खरड़ से पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान, पट्टी से लालजीत सिंह भुल्लर, जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा, चमकौर साहिब से डॉ. चरणजीत सिंह, बठिंडा देहाती से अमित रतन कोटफत्ता और शुतराणा से कुलवंत सिंह बाजीगर के टिकट काटे गए हैं।
यह भी पढ़े -आम आदमी पार्टी ने दूसरी कैंडिडेट लिस्ट जारी की, 31 उम्मीदवारों का ऐलान, इन MLA का कटा टिकट
अधिकांश नेताओं ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज किया है, लेकिन कुछ विधायक समर्थकों के साथ अपनी अगली रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। चमकौर साहिब के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने तो पार्टी नेतृत्व पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए दूसरे दल में जाने का विकल्प ओपन रखा है। वहीं, बठिंडा देहाती के विधायक अमित रतन कोटफत्ता भी समर्थकों से विचार-विमर्श कर रहे हैं।
आपकी जानकारी के लिए बता दें दोबारा सत्ता में वापसी के लिए AAP पार्टी इस बार कई सियासी प्रयोग कर रही है। पार्टी ने अपने तीन सांसदों में से दो को विधानसभा चुनाव में उतारा है। दूसरी ओर, मौजूदा मंत्रियों को टिकट देने पर भी केंद्रीय नेतृत्व मंथन कर रहा है।
Created On :  
