छत्तीसगढ़: नक्सल विरोधी अभियान को कामयाबी, 60 नक्सलियों ने किया सरेंडर

छत्तीसगढ़: नक्सल विरोधी अभियान को कामयाबी, 60 नक्सलियों ने किया सरेंडर

डिजिटल डेस्क, नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। नारायणपुर में अबूझमाड़ इलाके के 60 नक्सलियों ने बस्तर के आईजी विवेकानंद सिन्हा के सामने सरेंडर किया है। पुलिस ने इन नक्सलियों के पास से सात हथियार भी बरामद किए हैं।


 

 

मुख्य धारा में लौटना चाहते हैं ये नक्सली

कई आपराधिक मामलों में शामिल ये नक्सली सरेंडर करने के लिए पिछले कई दिनों से पुलिस के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि ये सभी अन्य नक्सलियों की रणनीति से काफी परेशान थे और लगातार उनसे प्रताड़ित भी हो रहे थे। इसी वजह से अब वो हथियार छोड़कर मुख्य धारा में लौटना चाहते थे।  

 



नक्सलियों में 20 महिला और 40 पुरुष शामिल

जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने जब सरेंडर किया उस वक्त आईजी विवेकानंद सिन्हा, डीआईजी रतनलाल डांगी सहित आईटीबीपी के कई आलाधिकारी मौजूद रहे। सरेंडर करने वाले इन नक्सलियों में 20 महिलाएं और 40 पुरुष शामिल हैं।इनमें से 5 नक्सलियों को पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की है। इन सभी को राहत और पुर्नवास नीति के तहत लाभ दिए जाएंगे। आईजी विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि नारायणपुर के अलग-अलग स्थानों के नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं।

 



दस साल से नक्सलियों के संपर्क में हैं ये लोग

जानकारी के मुताबक सरेंडर करने वाले नक्सलियों को 10 साल पहले नक्सली कमांडर नवीन कतरू ने इरकभट्टी जनताना सरकार के मिलिशिया सदस्य और सहयोगी बनाया था। तभी से सक्रिय रहकर प्रदेश और केन्द्र सरकार की नीतियों का विरोध करने, सरकार के खिलाफ जनता को भड़काने का काम कर रहे थे। इसके साथ ही ये लोग सरकारी इमारतों को को क्षतिग्रस्त करने, बच्चों और युवाओं को बहला फुसलाकर नक्सली संगठन में शामिल करने का काम भी करते थे। 

इसे भी पढ़ें:  गड़चिरोली: नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई, 37 नक्सली ढेर

 

गड़चिरौली में हासिल हुई थी बड़ी सफलता

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के गड़चिरौली में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी। यहां पुलिस ने मुठभेड़ में 37 नक्सलियों को मार गिराया था। जिसे देश में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा हा. इस बड़े ऑपरेशन के बाद जवानों का जश्न मनाते हुए वीडियो भी सामने आया था। जिसमें हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी के गानों पर जवान झूमत-थिरकते दिखाई दे रहे थे।


 

Created On :   27 April 2018 7:03 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story